कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव में पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना को मुद्दा बना लिया है। कांग्रेस 16 अक्टूबर से ERCP को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर 5 दिवसीय यात्रा शुरू करने जा रही है। इस यात्रा की शुरुआत बारां से और समापन दौसा जिले में होगा। इस यात्रा की शुरुआत करने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राजस्थान आएंगे। समापन पर प्रियंका गांधी आएंगी।

कांग्रेस इस यात्रा के जरिए ERCP से लाभांवित होने वाले 13 जिलों में पहुंचेगी। इन जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में मोदी सरकार पर ERCP को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं देने का आरोप लगाते हुए घेरने का प्रयास करेगी। यात्रा के दौरान 13 जिलों में अनेक छोटी-बड़ी सभाएं भी आयोजित की जाएंगी।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बारां जिले में विशाल जनसभा आयोजित कर यात्रा की शुरुआत की जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जनसभा में शामिल होंगे। 20 अक्टूबर को यात्रा के समापन पर कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।