जयपुर में एक कंपनी के सुपरवाइजर द्वारा महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करती तो वह उसे नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर प्रताड़ित करता था। आरोपी सुपरवाइजर उसे कंपनी के काम के बहाने होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान लगातार न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया, यौन शोषण किया गया और फिर नौकरी से निकाल दिया गया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शिवदासुपरा थाने में मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच थानाप्रभारी दौलतराम गुर्जर कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि शिवदासपुरा निवासी 39 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया- वह पिछले 3 साल से विधानी स्थित एक कंपनी में काम करती थी। कंपनी में सुपरवाइजर महिपाल सिंह उस पर बुरी नजर रखता था। उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। मना करने पर वह उसे नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर प्रताड़ित करता था। जब वह उनकी बातों से सहमत नहीं हुई तो उसे कंपनी के काम की बात कहकर साथ चलने को कहा गया।

इसके बाद आरोपी सुपरवाइजर उसे एक होटल में ले गया और उसके साथ रेप किया। इस दौरान उसके साथ मारपीट कर मोबाइल में न्यूड वीडियो बना लिया। वीडियो से ब्लैकमेल कर वह बार-बार होटलों में ले जाकर उसका यौन शोषण करने लगा और उस पर अपने दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का भी दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर एक साल पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया।

पीड़िता ने कहा- इसके बाद वह दूसरी कंपनी में काम करने लगी और आरोपी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। 5 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे वह नौकरी पर जा रही थी। इस दौरान महिपाल ने उसे रास्ते में रोककर पीटा। बात नहीं करने पर सड़क पर घसीटा और पीटा। परेशान होकर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।