राजस्थान के चुरू जिले के गांव बूंटिया में मंगलवार को चारा डालने गए एक युवक पर ऊंट ने हमला कर दिया। ऊंट के हमले से गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने डीबी अस्पताल में भर्ती कराया। ऊंट के हमले से युवक के सीने और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर एएसआई गिरधारीलाल सैनी अस्पताल चौकी से मौके पर पहुंचे और घायलों के बारे में जानकारी ली।

घायल युवक के परिजनों ने बताया कि ख्यालीराम नायक (29) मंगलवार की सुबह अपने ऊंट को चारा डालने के लिए घर से गया था। इसी दौरान ऊंट ने उस पर हमला कर दिया। ऊंट ने ख्यालीराम को पैरों के नीचे दबा कर छाती और पीठ पर काट लिया। युवक की चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। गंभीर हालत में युवक को निजी वाहन से डीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों ने बताया कि ख्याली राम ऊंटगाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। इससे पहले भी उसी ऊंट ने उन पर हमला किया था। जिससे उनके हाथ, छाती और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।