कोटा. कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के विरोध में आक्रोशित कांग्रेसजनों ने शनिवार को सीएडी सर्कल पर गिरफ्तारियां दी। शहर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे सीएडी सर्कल पर एकत्रित हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की सदस्यता अलोकतांत्रिक तरीके से रद्द करना लोकतंत्र की हत्या है।

कांग्रेस इसे काला दिवस के रूप में मना रही है। खादी ग्राम उद्योग के उपाध्यक्ष पंकज मेहता ने कहा कि कर्नाटक में राहुल गांधी ने जो कहा, उसे केंद्र सरकार महंगाई से ध्यान भटकाने के लिए तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। पीसीसी सदस्य अमित धारीवाल ने कहा कि जनता की आवाज कुचलना, भय दिखाना केंद्र सरकार की हिटलरशाही नीति का हिस्सा है। लाडपुरा प्रधान नईमुद्दीन गुड्डू ने कहा कि तानाशाही से कभी देश की तरक्की नहीं होती है।

कांग्रेस नेता गोविंद शर्मा, महापौर मंजू मेहरा, पीसीसी सदस्य डॉ. जफर मोहम्मद, शिवकांत नंदवाना, उप महापौर सोनू कुरैशी, राजेन्द्र सांखला, जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी, महामंत्री संजय यादव, युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विजयसिंह राजू समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से गिरफ्तारी के लिए सुरक्षा व यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गई। साथ ही, आधा दर्जन से अधिक बसों की व्यवस्था की गई। नवरात्र व रमजान होने के बाद भी कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारियां दी।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रजमोहन बैरवा ने बताया कि शनिवार को करीब 300 कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की गई। शांतिपूर्ण तरीके से गिरफ्तारी के बाद सभी को नयागांव ले जाकर छोड़ा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के गिरफ्तारी कार्यक्रम को देखते हुए सीआईडी सर्कल पर पुलिस सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई थी। इसके तहत करीब ढाई सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धारा 129 के तहत गिरफ्तार कर नयागांव छोड़ा गया।