रातभर बुआ की बेटी की शादी का जश्न मनाया और सुबह घर लौटते समय युवक की जान चली गई। घर वालों को सूचना मिलते ही वे बेसुध हो गए। खुशी वाले घर में मातम छा गया। वहीं इस हादसे में 2 लोग घायल भी हो गए। घटना शहर के अंबेडकर सर्किल के पास मंगलवार सुबह 7 बजे की है। शहर के डीग रोड निवासी CA स्टूडेंट विष्णु जांगिड़ (22) अपनी मामा की लड़की की शादी में जयपुर से आया था। हाउसिंग बोर्ड में सुगना बाई धर्मशाला में मामा धर्मचंद की बेटी दीप्ति की 6 फरवरी को शादी थी। बारात थानागाजी सेबाराम से आई थी। सुबह करीब 6 बजे के आस-पास बहन को हंसी-खुशी विदा किया। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से मामा के घर तूलेड़ा हाउसिंग बोर्ड आने के लिए निकले था।

विष्णु के साथ उसका दोस्त उमंग और भाई अमित भी था। तीनों एक ही बाइक पर थे। सुबह करीब 7 बजे जैसे ही अम्बेडकर सर्किल के पास पहुंचे एक कार ने टक्कर मार दी। कार से टक्कर लगते ही विष्णु बाइक से उछलकर डिवाइडर से टकराया। इस पर ई-रिक्शा में उसे अलवर हॉस्पिटल लेकर आए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के करीब एक घंटे के बाद ही धर्मचंद के परिवार में मातम छा गया। परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। वहां जैसे ही पता लगा विष्णु की मौत हो गई। महिला विलाप करने लगी। बड़ों की आंखों से आंसू नहीं रुके। बहन की शादी में आए भाई की एक्सीडेंट में मौत होने पर हर तरफ मातम छा गया। मृतक विष्णु के पिता फर्नीचर का काम करते हैं।