कोटा. भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के सोमवार को पहली बार कोटा आगमन पर पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की ओर से शहरी सीमा में 19 जगहों पर स्वागत कार्यक्रम रखा है। शहर महामंत्री जगदीश जिंदल ने बताया कि जोशी सुबह जयपुर से सड़क मार्ग से कोटा के लिए रवाना होंगे। जयपुर से कोटा तक स्वागत का कार्यक्रम रखा है।

भाजपा शहर व पार्षदों की ओर से बूंदी रोड पर एक्जोटिका कुन्हाड़़ी में स्वागत किया जाएगा। देहात जिलाध्यक्ष मुकुट नागर व देहात की टीम की ओर से बड़गांव में स्वागत किया जाएगा। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक राकेश जैन ने बताया कि जोशी 11 बजे दशहरा मैदान में आयोजित जन्म कल्याण महोत्सव में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में शिरकत करने लिए कोटा होकर चित्तौडगढ़ जाएंगे।

उधर प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत की तैयारियों को लेकर रविवार को शहर अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। स्वागत को लेकर भाजपा पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर सभी को जिम्मेदारियां दी गई है। बैठक को जिला महामंत्री जगदीश जिंदल, नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी ने भी सम्बाेधित किया। जिला महामंत्री मुकेश विजय ने आभार जताया। उधर विप्र फाउण्डेशन के जिलाध्यक्ष अजय चतुर्वेदी ने बताया कि जोशी का गोदावरी धाम पर स्वागत किया जाएगा।