बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भरतपुर दौरे पर हैं। दोपहर 12 बजे हेलीकाप्टर से भरतपुर पहुंचे नड्डा ने काली बगीची में भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। वहां बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। यहीं से जैसलमेर कार्यालय का उद्घाटन और बाड़मेर कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास किया गया।

इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर तीन बजे नदबई पहुंचे। जहां उन्होंने अनाज मंडी में सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, सांसद किरोड़ी लाल मीणा, भरतपुर सांसद रंजीता कोली, प्रदेश महासचिव भजन लाल शर्मा, पूर्व मंत्री कृष्णेंद्र कौर दीपा, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र शामिल हुए।

कस्बे की अनाज मंडी में विशाल पंडाल लगाया गया। जिसमें 30 से 35 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी के नौ साल का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। पीएम ने वंशवाद को खत्म कर विकास को आगे बढ़ाया है। बीजेपी में सामान्य कार्यकर्ता भी राष्ट्रपति और पीएम बन सकता है। यहां वंशवाद नहीं चलता। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। भारत की अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार हुआ है।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने केंद्र सरकार के 9 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं

इस मौके पर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने केंद्र सरकार के 9 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। वसुंधरा राजे ने कहा- केंद्र सरकार ने गरीब महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मुहैया कराये, 41 करोड़ लोगों के जनधन खातों में सीधे पैसा आया, 84 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया गया, देशभर में 12 करोड़ शौचालय बनाये गये हैं, आयुष्मान भारत में 29 करोड़ परिवारों को लाभ हुआ।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण धौलपुर-भरतपुर के पत्थरों से किया जा रहा है। कश्मीर से धारा 370 हटा दी गई है, किसानों के खाते में 6 हजार रुपये आ रहे हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीब परिवारों को मिल रहा है। इन 9 सालों में दुनिया में भारत का सम्मान इतना बढ़ गया कि पापुआ न्यू गिनी के राष्ट्रपति ने पीएम के पैर छू लिए, ऐसा कभी नहीं हुआ।