आज बीजेपी महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने थालियां बजाकर गहलोत सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। महिलाएं थालियां बजाते हुए सीएमआर की ओर बढ़ीं। पुलिस ने सिविल लाइंस गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर महिलाओं को रास्ते में रोक दिया। इसके बाद महिला कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और महिला पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। इसमें दो महिलाऐं बेहोश भी हो गयीं।

प्रदर्शन के लिए सभी महिला कार्यकर्ता सुबह 11 बजे प्रदेश बीजेपी मुख्यालय पर इकट्ठा हुईं। यहां एक सभा का आयोजन किया गया। इसे महिला मोर्चा के पदाधिकारियों और प्रदेश भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। इसके बाद महिला कार्यकर्ता थाली बजाते हुए सीएमआर की ओर बढ़ीं। महिलाओं को रोकने के लिए सिविल लाइंस फाटक से पहले बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था।

इससे पहले महिला मोर्चा प्रभारी और सांसद दीया कुमारी ने कहा- आज राजस्थान रेप के मामले में नंबर-1 पर है। लोग इसे राजस्थान की जगह रेपिस्थान भी कहने लगे हैं। यह हमारे लिए शर्म की बात है। कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। गृह विभाग मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा है। लेकिन, वह साढ़े चार साल तक अपनी कुर्सी बचाने में लगे रहे। ऐसे में राज्य की महिलाएं सरकार से सुरक्षा की उम्मीद लगाये थीं. जो उसे कभी नहीं मिली। लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है। राज्य की महिलाओं ने इस सरकार को सबक सिखाने का मन बना लिया है।