तिजारा से भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद महंत बालकनाथ और बहरोड़ से भाजपा प्रत्याशी जसवन्त यादव ने वसुन्धरा राजे को भावी मुख्यमंत्री बताया है। उन्होंने कहा कि हमारा नेतृत्व करने वाली नेता वसुंधरा राजे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बहरोड़ विधायक और कांग्रेस सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। दरअसल, सोमवार को बहरोड़ में बीजेपी प्रत्याशी डॉ.जसवंत यादव की नामांकन सभा थी। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हुईं।

महंत बालकनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत में वसुंधरा राजे को राजस्थान की भूतपूर्व और भावी मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा, मैं अपना संकल्प दोहराने आया हूं कि बहरोड़ की जनता ऐसे अधर्मी व्यक्ति को ऐसे हरायेगी कि आने वाली पीढ़ियां सरपंच का चुनाव लड़ने से डरेंगी। यहां के निर्दलीय विधायक और राष्ट्रीय जनता सेना के प्रत्याशी बलजीत यादव ने हमारी नई पीढ़ी को बर्बाद करने का काम किया है।

जसमवत यादव ने कहा- मैं मैडम के नाम से ही जाना जाता हूं। हमें बहरोड़ को राक्षस से बचाना है। बलजीत यादव एक ढोंगी व्यक्ति है। रोएगा, गुमराह करेगा, ड्रामा करेगा, कुछ करेगा। वह इंसान नहीं है, उसमें इंसानियत नहीं है। एक राक्षस के कारण सभी दुष्ट बहरोड़ आ गये। महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। अपराध बढ़े। कांग्रेस का यहां कोई अस्तित्व नहीं है। अपने स्वार्थ के लिए, अपनी सरकार बचाने के लिए, गहलोत ने यहां के विधायकों को भ्रष्टाचार में लिप्त करवा दिया और इसके कारण उन्होंने अपनी ही पार्टी को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस को वोट देने का मतलब बलजीत को वोट देना है।

जसंवत यादव ने कहा कि बिना इनके (वसुंधरा राजे) कहे कह रहा हूं कि इनको मुख्यमंत्री बना दिया तो थारो भाई डंका की चोट पर मंत्री बनेगो, पर बनूंगा तब ही जब ये बनेंगे। ये ना बनी तो मैं नहीं बन पाऊंगा।