जयपुर। प्रदेश में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गढ़ जोधपुर में गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आएंगे। यहां वह बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद अमित शाह आदर्श विद्या मंदिर जाएंगे। यहां वह नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में रैली करेंगे और लोगों को जागरुक करेंगे। प्रदेश में कांग्रेस के शांति मार्च को गहलोत के घर जोधपुर में अमित शाह की रैली के जरिए करारे जवाब के रूप में देखा जा रहा है। इस रैली में पार्टी एक लाख लोगों को जुटाने के दावे किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में पाक विस्थापितों की मौजूदगी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12 बजे तक जोधपुर पहुंचेंगे। शाह यहां प्रताप नगर स्थित आदर्श विद्या स्कूल में आमसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी यहां मौजूद रहेंगे। इस आम सभा में पाक हिंदू विस्थापितों का जमावड़ा रहेगा। जानकारी के अनुसार तीन जनवरी को होने वाली इस रैली में पाक विस्थापितों के दर्द को जनता के बीच किया साझा किया जाएगा। पाक विस्थापितों की नागरिकता के समर्थन में प्रताप नगर के आदर्श विद्या मंदिर मैदान में जनजागरण सभा आयोजित होगी। इसमें एक लाख लोगों को जुटाने की तैयारी है। प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि ये जनजागरण रैली कांग्रेस द्वारा फैलाये जा रहे झूठ का पर्दाफाश करेगी।

गहलोत को अमित शाह उनके घर में ही घेरेंगे
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सीएए और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) पर केंद्र सरकार पर खुलकर हमला किया है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी उनके घर में ही उनपर हमला करने की तैयारी कर रही है क्योंकि गहलोत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह पर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के एजेंडा पर काम करने का आरोप लगाते रहे हैं। शाह ने इससे पहले लोकसभा चुनाव से पहले जोधपुर का दौरा किया था। वे भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार गजेंद्र सिंह शेखावत के समर्थन में जनसभा संबोधित करने गए थे।

बीजेपी नेता और कार्यकताओं को नसीहत
सतीश पूनिया ने बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी साफ नसीहत दी है कि वो अनुशासन में रहें, अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूनिया बोले, स्थानीय निकाय के हाल ही सम्पन्न हुए चुनाव में बहुमत के बावजूद भी कुछ जगह पार्षदों ने न केवल पार्टी से दगाबाजी की बल्कि उनके लेन देन से जुड़े ऑडियो भी वायरल हुए। ऐसे मामले नाकाबिल-ए-बर्दाश्त होंगे। उन्होंने कहा कि वो भी पार्टी के अनुशासन की डोर से बंधे हैं।