अजमेर के गंज थाना इलाके में 25 साल की युवती से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपी शिक्षक ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया।
पीड़िता को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने के साथ ही उसके मोबाइल से डाटा फॉर्मेट भी करवा लिया। पीड़िता की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गंज थाना प्रभारी भीखाराम काला ने बताया कि 25 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि 3 साल पहले उसकी दोस्ती हनुमानगढ़ निवासी शिक्षक साजिद कुरेशी से सोशल मीडिया पर हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और वे एक दूसरे से मिलने लगे।

पीड़िता ने बताया कि इसी दौरान आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया। शादी का झांसा देकर वह उसे अलग-अलग होटलों में ले गया और 5 से 6 बार दुष्कर्म किया। जब उसने उस पर शादी का दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 5 सितंबर को आरोपी ने उसके फोन पर एक ऐप डाउनलोड किया और सारा डेटा फॉर्मेट कर दिया। अब आरोपी उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच गंज थाना प्रभारी कर रहे हैं।