भरतपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में एक बार फिर आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू हो गया है। भरतपुर में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे-21 शुक्रवार शाम 7.30 बजे से जाम है। 12 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर माली, सैनी, कुशवाह, मौर्य समाज के लोगों ने अरोदा और बेरी गांव के बीच हाईवे को बंद कर दिया। सड़क पर बैठे लोगों के हाथों में लाठियां हैं और वे नारेबाजी कर रहे हैं। बता दें कि नेशनल हाईवे जाम करने का ऐलान करने के बाद पुलिस ने फुले आरक्षण समिति के संयोजक मुरारी लाल सैनी सहित 6 लोगों को गुरुवार को ही अरेस्ट कर लिया था। जिन्हें डीग SDM के सामने पेश कर जेल भेज दिया था। हाईवे पर ईंटें बिछा दी गईं। जगह-जगह लकड़ियां रख दीं। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने फुले आरक्षण समिति के संयोजक मुरारी लाल सैनी को जल्द रिहा करने की मांग की है।

रातभर से हाईवे पर डेरा, इंटरनेट बंद
रातभर लोग हाईवे पर पत्थर डालकर लाठियां लिए बैठे रहे। इस बीच, संभागीय आयुक्त सांवर मल वर्मा ने शुक्रवार रात 12 बजे से शनिवार रात 12 बजे तक 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद करने के आदेश जारी कर दिए। आदेश के बाद नदबई, वैर और भुसावर में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद हो गई हैं।

पुलिस ने रोका तो पथराव, आंसू गैस छोड़ी
इससे पहले पुलिस ने लोगों को खदेड़ने की कोशिश की तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। तनाव बढ़ता देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। कलेक्टर आलोक रंजन और एसपी श्याम सिंह मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

जगह-जगह पत्थर, लाठियां लेकर नारेबाजी
प्रदर्शनकारी अरोदा, हंतरा और बेरी गांवों से गुजर रहे हाईवे पर जगह-जगह पत्थर और पूलियां (फसल के गट्‌ठर) डाल दिए और लाठियां लेकर नारेबाजी करते रहे। जानकारी के अनुसार दिनभर हंगामा चलने के बाद करीब 500 लोग हाईवे पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया और वहीं बैठ गए। ये लोग देर रात तक लाठियों के साथ मौजूद रहे और नारेबाजी करते रहे। लोग गिरफ्तार किए गए साथियों को छोड़ने और देवनारायण बोर्ड जैसा बोर्ड गठित करने की भी मांग कर रहे हैं।

आंसू गैस के गोले दागने वालों पर कार्रवाई की मांग
SP श्याम सिंह ने बताया कि करीब 15 मिनट तक प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हुई। पुलिस ने धरना स्थल अरोंदा गांव को अपने कब्जे में ले लिया है। इस घटना के बाद नदबई विधायक जोगिंदर सिंह अवाना ने आंदोलनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लाठीचार्ज के​ खिलाफ लोगों में आक्रोश
राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र नेता किरोड़ी लाल सैनी ने कहा कि 5-7 साल से सैनी समाज आरक्षण के लिए आंदोलन कर रहा है, लेकिन सरकार लगातार लॉलीपॉप थमाती आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के मंत्री विधायकों ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे 21 पर भारी पुलिस तैनात कर दी। हमने सारे दिन संघर्ष किया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, हमारे लोगों पर लाठीचार्ज किया। अब हमारे समाज में आक्रोश है।

पूरे राजस्थान में चक्का जाम करने की चेतावनी
छात्र नेता किरोड़ी लाल सैनी ने कहा कि हमने सोच लिया था कि चाहे एक मिनट के लिए करें, लेकिन हाईवे जाम जरूर करेंगे। सैनी समाज के लिए हम 12 परसेंट आरक्षण की मांग करते हैं। साथ ही ये चाहते हैं कि शनिवार को हमारे गिरफ्तार किए गए या हिरासत में लिए गए साथियों को छोड़ा जाए। अगर वे नहीं छूटे तो हम पूरे राजस्थान को जाम कर देंगे। हमारा समाज काफी पिछड़ा है। उनके पास घर तक नहीं हैं, शिक्षा के साधन नहीं हैं।