भरतपुर 12 जुलाई 2023 राजस्थान के भरतपुर में भाजपा नेता कृपाल सिंह जघीना हत्याकांड के आरोपी की बुधवार दोपहर गोलियों से भूनकर उस समय हत्या कर दी गई जब पुलिस उसे बस से पेशी पर कोर्ट ले जा रही थी। हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने पुलिस की आंखों में मिर्च झोंकी और फिर तड़ातड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। हत्या की वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अमोली टोल प्लाजा के पास की है।
आरोपी कुलदीप जघीना और उसके साथी विजयपाल को पुलिस बस से पेशी के लिए भरतपुर कोर्ट ले जा रही थी। बस जब अमोली टोल प्लाजा पर रुकी तो वहां दो बदमाश बस में चढ़े और पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च झोंक दी और  इसके बाद करीब 15 राउंड फायर कर कुलदीप की हत्या कर दी। विजयपाल घायल है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों आरोपी सेंट्रल जेल में बंद थे।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि चालानी गार्ड इन्हें लेकर आ रहे थे। टोल के फुटेज पुलिस ने बरामद कर आरोपियों की पहचान कर ली है। बदमाशों की गाड़ी बरामद कर ली है। विजयपाल की हालत नाजुक है आपको बता दें कि भरतपुर में 10 महीने पहले 4 सितंबर 2022 को कृपाल जघीना की हत्या की गई थी। इस केस में कुलदीप जघीना और उसका साथी विजयपाल को आरोपी बनाया गया था। पुलिस के मुताबिक, हत्या जमीनी विवाद के चलते की गई थी। कृपाल जघीना के खिलाफ भी 15 मामले दर्ज थे। रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य भी थे। हिंदूवादी संगठनों से उनका जुड़ाव था। बेटी ABVP से कॉलेज की अध्यक्ष रह चुकी थी।
REPORTER- ASHISH VERMA