अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को सात सूत्री मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जयपुर में गुर्जर की थाड़ी से बड़ी संख्या में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने उन्हें श्याम नगर मेट्रो स्टेशन पर ही रोक लिया।

एबीवीपी के 2 दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार

जहां पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इसके बाद नाराज एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने श्याम नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने एबीवीपी के 2 दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। घटना से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम भी गुर्जर की थाड़ी पहुंचे थे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम भी पहुंचे

निम्बाराम बोले- कुछ समय पहले तक देश के शीर्ष पदों पर बैठे लोग कहते थे- मैं एक्सीडेंटल हिंदू हूं, मुझे गधा कहो, हिन्दू मत कहो। जिन लोगों को हिन्दू शब्द से एलर्जी और परेशानी है। आज वह मंदिर दर मंदिर भटक कर पूजा कर रहा है। वो लोग अपनी पहचान दे रहे हैं कि हम भी हिंदू हैं। लोगों में गोत्र बताते फिर रहे हैं। क्या कुछ समय पहले तक उनके पूर्वज ऐसा करते थे? आज वो लोग आज उन लोगों को हिंदू समझ में आ गया है। हिंदुत्व समझ में नहीं आ रहा है। थोड़े वक्त में उन्हें हिंदुत्व भी समझ में आ जाएगा।

जो हमसे टकराएगा मौत अपनी मरेगा – निम्बाराम

निम्बाराम ने कहा- आज समय बदल गया है। जिस हिन्दू को हमारे देश में दोयम दर्जे का समझा जाता था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के निरंतर कार्य के कारण आज हमने हिंदुत्व पर एक विमर्श तैयार किया है। इसी तरह हमें भारत के महापुरुषों के बारे में विमर्श पैदा करने का काम करना है। उन्होंने कहा कि “कभी हम अकेले थे, आज हम डरते नहीं, तो अब किस बात से डरेंगे, विरोधियों के सागर में चट्टान है हम, जो हमसे टकराएगा मौत अपनी मरेगा”।

प्रदेश में महिला अपराध, भ्रष्टाचार और साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ रही

प्रदर्शन में शामिल होने जयपुर पहुंचे एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा- राजस्थान सरकार रोजगार का वादा कर सत्ता में आई। पेपर लीक और भ्रष्टाचार ने युवाओं की नौकरियां छीन ली हैं। प्रदेश में महिला अपराध, भ्रष्टाचार और साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वीरांगनाओं के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। ऐसे में आज हम सात सूत्री मांगों को लेकर अपनी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते हैं। लेकिन पुलिस ने हम पर लाठीचार्ज किया और हमें गिरफ्तार कर लिया। लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम मर जाएंगे। लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे और तब तक संघर्ष करते रहेंगे जब तक राजस्थान के युवाओं और लोगों को न्याय नहीं मिल जाता।

एबीवीपी की प्रमुख सात सूत्री मांगें

-राजस्थान प्रदेश में पेपर लीक रोकथाम के लिए कड़े कानून को लागू किया जाए। इसके साथ ही पेपर लीक प्रकरण की CBI जांच हो।

-UPSC की तर्ज पर RPSC और कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली आगामी भर्ती परीक्षाओं का भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए।

-राजस्थान के सरकारी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में प्राध्यापकों के रिक्त पदों पर भर्ती जल्द से जल्द की जाए।

-प्रदेश में महिला उत्पीडन, संगठित अपराध, साइबर क्राइम, भूमाफिया का बढ़ता ग्राफ बेहद चिंताजनक है। इनके खिलाफ सख्त करवाई की जाए।

-वीरांगनाओं की विभिन्न मांगों का उचित समाधान निकाला जाए।

-स्कूल और कॉलेज में छात्रा शिक्षा को पूर्ण रूप से निःशुल्क किया। इसके साथ ही बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।

-राजस्थानी भाषा को मान्यता दी जाए।