कोटा. कोटा संभाग में गुरुवार को कोरोना से दो वृद्धों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग संक्रमित पाए गए हैं। कोटा में संक्रमितों व मृतकों के परिजनों, आसपास के क्षेत्र व लक्षण वाले 370 लोगों के सैम्पल लिए गए।

झालावाड़ एसआरजी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ.संजय पोरवाल ने बताया कि गुरुवार को 52 सैंपल लिए गए। इसमें से 5 पॉजिटिव आए, वहीं चिकित्सालय में भर्ती कोटा जिले के धुलेट निवासी 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वृद्ध 3 अप्रेल को एसआरजी चिकित्सालय में भर्ती हुआ था। वह शुगर, बीपी समेत कई बीमारियों से पीडि़त था। बारां में भी एक वृद्ध की कोरोना से मौत हो गई। कोरोना की पुष्टि मृत्यु के बाद आई रिपोर्ट से हुई। वृद्ध अस्थमा से पीडि़त था।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. राजेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि कोरोना की पुष्टि के बाद सात अन्य लोगों के सेम्पल लिए गए, जो नेगेटिव पाए गए। इससे पहले बारां में 26 व 28 मार्च को दो-दो कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इस वर्ष बारां में कोरोना के पॉजिटिव की संख्या पांच हो गई है। इनमें से एक की मृत्यु हो गई। बूंदी में भी दो पॉजिटिव मिले।