राजस्थान में विधानसभा चुनाव के बाद वसुंधरा राजे ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का भरोसा जताया है। वसुन्धरा राजे ने कहा कि बीजेपी सरकार बनी तो अधूरे काम पूरे किये जायेंगे।

जयपुर में एक प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करते हुए राजे ने कहा, बीजेपी की सरकार बनना तय है। सरकार बनते ही हमारी सरकार के सभी कार्य जो वर्तमान कांग्रेस सरकार ने रोक दिये थे, उन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा। पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना जयपुर सहित कई जिलों की प्यास बुझायेगी। उन्होंने रिंग रोड जैसी परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ाने का भी वादा किया।

वसुंधरा राजे ने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही कांग्रेस फिर पहले की तरह झूठे वादे लेकर जनता के सामने आ गई। राजे ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है। वसुंधरा ने कहा, कुछ दिन पहले प्रियंका गांधी ने यहां का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के प्रति अपनी चिंता जाहिर की। अगर उन्होंने ‘नारी शक्ति’ योजना को बढ़ाया होता तो इससे महिलाओं को फायदा होता।

राजे ने कहा की वह (प्रियंका) और उनके भाई (राहुल) जब भी जाते हैं तो राजस्थान के लोगों से कुछ न कुछ वादा करते हैं लेकिन यह जरूरी नहीं कि वे अपना वादा निभाएंगे। 5 साल बाद भी किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। महिलाओं के खिलाफ अपराधों के कारण लोग अपने परिवार की महिलाओं के लिए डरे हुए हैं।

आपको बता दें कि बीजेपी ने एक बार फिर झालावाड़ की झालरापाटन सीट से वसुंधरा राजे को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर पूर्व सीएम राजे की मजबूत पकड़ मानी जाती है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे झालरापाटन से चार बार विधानसभा चुनाव जीत चुकी हैं। इस बार वह पांचवीं बार इस सीट से चुनाव लड़ने जा रही हैं।