राजस्थान विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही समय बचा है। ऐसे में पार्टियां आम जनता को लुभाने के लिए हर हथकंडे अपना रही हैं। इस बीच बीजेपी की परिवर्तन संकल्प यात्रा के जवाब में अशोक गहलोत भी कांग्रेस की 9 दिवसीय यात्रा निकालेंगे।

9 दिवसीय यह यात्रा 18 जिलों से होकर गुजरेगी, जिसमें पार्टी के स्थानीय और वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। यह यात्रा 3,160 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। मिशन 2030 के तहत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा निकाली जा रही यात्रा 38 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री गहलोत 10 प्रसिद्ध मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके अलावा वह 16 जगहों पर जनता से संवाद करेंगे और 11 जगहों पर टाउन हॉल मीटिंग करेंगे। जबकि 5 जगहों पर रोड शो, 10 जगहों पर नुक्कड़ सभाएं, 4 जगहों पर महिला सम्मेलन और 8 जगहों पर युवाओं से संवाद होगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की यात्रा आज दोपहर 2 बजे जयपुर से शुरू हुई।

यात्रा शुरू करने से पहले बिड़ला ऑडिटोरियम में रजिस्ट्री कार्यक्रम का आयोजन किया गया। और मुख्यमंत्री ने लोगों से संवाद किया। इसके बाद यात्रा शुरू हुई। दौरे के दौरान सीएम गहलोत खास लोगों से बातचीत भी करेंगे, उनका फोकस महिलाओं और युवाओं पर रहेगा। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री का दौरा दो चरणों में पूरा होगा। यात्रा का पहला चरण 27 सितंबर से 30 सितंबर तक और दूसरा चरण 3 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक होगा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की यात्रा जयपुर से शुरू होकर सीकर, चूरू, नागौर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, सिरोही, जालौर, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ से होकर गुजरेगी। यह यात्रा जैसलमेर में समाप्त होगी। सीएम के दौरे के दौरान जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उनके साथ रहेंगे। मुख्यमंत्री की यात्रा में मंत्रियों, विधायकों के अलावा नगर निकायों के जन प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।