आज गुरुवार शाम करीब पांच बजे पूर्व भाजपा नेता के बेटे की जेल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। 3 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और 10 से 12 गोलियां चलाईं। जिसमें उन्हें 8 गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश पहले से ही जेल के पास उसका इंतजार कर रहे थे। मामला चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा का है।

जानकारी के अनुसार केसुंडा निवासी बंटी उर्फ विकास (28) के दोस्त ललित प्रजापत की 6 माह की बेटी की मौत हो गई थी। बंटी अपने दोस्त आंजना और देवेंद्र के साथ शोक मनाने ललित के घर गया था। तीनों बाइक से लौट रहे थे। निम्बाहेड़ा जेल के सामने रास्ते में एक बदमाश ने बाइक रोकी और बंटी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे बंटी के दोनों दोस्त घबराकर भागकर छिप गए।

बदमाशों ने बंटी पर 10 से 12 राउंड फायरिंग की। करीब 8 गोलियां बंटी को लगीं। फायरिंग के बाद 5 मिनट तक बंटी सड़क पर तड़पता रहा। इसके बाद बंटी के दोनों दोस्त वापस आए और साइबर पुलिस की मदद से उसे अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी।

भाजपा के बूथ अध्यक्ष रहे बापूलाल इकलौते बेटे की मौत की खबर लगते ही अस्पताल पहुंच गए। उनके साथ पूर्व मंत्री कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी भी थे। जब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर लिया जाता उन्होने शव लेने से मना कर दिया हैं। फिलहाल अस्पताल के बाहर 100 से 150 समर्थक और परिजन बैठे हैं। बंटी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बहन की शादी हो चुकी है। बंटी खुद खेती का काम करता था और शादीशुदा था। उसकी एक साल की बेटी भी है।