news of rajasthan
Rajasthan's first 'Bal Maitri Thana' was made by Dhaulpur Sadar Police Station.

राजस्थान के धौलपुर जिला मुख्यालय स्थित सदर पुलिस थाने को प्रदेश का प्रथम बाल मैत्री पुलिस थाना बनाया गया है। अब इस थाने का नामकरण ‘बाल मैत्री आदर्श पुलिस थाना सदर’ किया गया है। सोमवार को बाल मैत्री थाना का शुभारंभ राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी और जिला पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने किया। इस दौरान अध्यक्ष चतुर्वेदी ने कहा कि आज राजस्थान के सभी जिलों के लिए धौलपुर का सदर थाना उदाहरण बन गया है। उन्होंने कहा कि थानों में बच्चों को अपनी बात कहने में भय लगने की स्थिति को देखते हुए बच्चों को संरक्षित, सुरक्षित ओर मैत्रीपूर्ण वातावरण देने की दिशा में चाइल्ड फ्रेंडली पुलिस थाना का शुभारंभ किया गया है। बता दें, कुछ माह पूर्व धौलपुर प्रवास के दौरान अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी ने सदर थाने को राज्य का पहला बाल मैत्री पुलिस थाना बनाने की घोषणा की थी।

news of rajasthan
Image: राजस्थान का पहला ‘बाल मैत्री थाना’ बना धौलपुर का सदर थाना.

प्रदेश के सभी पुलिस थानों में बाल मैत्री वातावरण बनाने की दिशा किए जाएंगे प्रयास

बाल मैत्री थाना के उद्घाटन के बाद अध्यक्ष चतुर्वेदी ने बाल कक्ष का अवलोकन कर इसमें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और बच्चों से संवाद भी किया। राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग के मार्गदर्शन में प्रयत्न कर संस्था व भामाशाहों के माध्यम से इस केंद्र का निर्माण करवाया गया है। इसमें कार्यरत बाल कल्याण पुलिस अधिकारी को भी प्रशिक्षित करके बाल अधिकारों के संरक्षण से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गयी है। चतुर्वेदी ने बताया कि अब राजस्थान के सभी पुलिस थानों में बाल मैत्री वातावरण बनाने की दिशा में पुलिस महानिदेशक से मिलकर प्रयास किए जाएंगे।

Read More: राजस्थान: चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में 13 हजार से अधिक पदों पर भर्ती शीघ्र

बाल मैत्री पुलिस थाने में बच्चों के खेलने के लिए सभी सामान उपलब्ध

धौलपुर जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानों में इस प्रकार का वातावरण बनाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। उनकी समय-समय पर समीक्षा भी की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सिंह ने कहा कि इस बाल मैत्री थाना में बच्चों के खेलने के लिए आउटडोर एवं इंडोर गेम्स, पढ़ने के लिए कॉमिक्स, कहानियों की किताबें और खेल खिलौने  आदि उपलब्ध करवाए गए हैं।