news of rajasthan
Rajasthan police becoming active with social media as well as becoming increasingly popular.

राजस्थान पुलिस बदलते दौर में बढ़ती आपराधिक चुनौतियों पर पार पाने के लिए सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गई है। साथ ही लोगों के बीच सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय भी हो रही है। राजस्थान पुलिस ने आमजन को सूचनाओं के त्वरित सम्प्रेषण एवं पुलिस सूचना तंत्र को सुदृढ करने की दृष्टि से सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बनाना शुरू कर दिया है। पुलिस के फेसबुक, ट्विटर एवं इंस्टाग्राम अकाउन्ट्स की लोकप्रियता निरंतर बढ़ती जा रही है। महानिदेशक पुलिस ओ.पी. गल्होत्रा की पहल पर राजस्थान पुलिस ने आमजन के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से आवश्यक जानकारियां शेयर करना प्रारम्भ किया है।

news of rajasthan
Image: पुलिस महानिदेशक ओ.पी. गल्होत्रा.

सोशल मीडिया की गतिविधियों पर नजर रख रही पुलिस

राजस्थान पुलिस की सभी इकाइयां सोशल मीडिया पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं तथा सोशल मीडिया की गतिविधियों पर नजर भी रख रही है। सोशल मीडिया आपराधिक गतिविधियों के अनुसंधान के साथ ही खुफिया जानकारियां जुटाने की दृष्टि से भी उपयोगी भूमिका निभा रहा है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस पी.के. सिंह के मार्गदर्शन में राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया का स्वरूप निरंतर विस्तृत होता जा रहा है। मात्र 4 माह में ही राजस्थान पुलिस के ट्विटर अकाउंट के फॉलोवर्स की संख्या लगभग 10 हजार हो चुकी है। ट्विटर अकाउंट पर औसतन प्रति सप्ताह 25 ट्वीट किए जाते हैं। राजस्थान पुलिस के ट्विटर अकाउंट के फॉलोवर्स की संख्या में प्रतिदिन लगभग 69 व्यक्तियों की वृद्धि हो रही है।

आमजन के उपयोग को ध्यान में रखते हुए सूचनाओं का किया जा रहा सम्प्रेषण

राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया पर सप्ताह के अलग-अलग दिनों में अलग-अलग विषयों पर आमजन के उपयोग को ध्यान में रखते हुए सूचनाओं का सम्प्रेषण किया जा रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक सोमवार को अलग-अलग हेल्पलाइन के संबंध में सूचनाएं दी जाती हैं। इन हेल्पलाइन सूचनाओं में पुलिस की विभिन्न हेल्पलाइन्स के साथ ही एंबुलेंस, फायर, हैल्थ, चाइल्ड हेल्पलाइन, एल्डर्स हेल्पलाइन इत्यादि के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रत्येक मंगलवार को सामयिक विषयों पर आवश्यक सूचनाएं सम्प्रेषित की जा रही है। बुधवार का दिन महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया है जिस पर महिलाओं से जुडे विभिन्न मुद्दों जैसे महिलाओं के अधिकार, महिला पुलिस, महिला सशक्तिकरण, महिला हेल्पलाइन, महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों एवं महिलाओं द्वारा अर्जित विभिन्न उपलब्धियों पर आधारित जानकारी दी जाती है।

Read More: राजस्थान सरकार शुक्रवार को 12 कन्याओं का करेगी कन्यादान

साइबर क्राइम के बारे जनचेतना जागृत करने के लिए राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया पर प्रत्येक गुरूवार को साइबर अपराधों पर आधारित सूचनाएं दी जाती हैं। इन सूचनाओं में ऑनलाइन फ्रॉड व एटीएम ठगी के बारे में सतर्क रहने के लिए आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में प्रतिवर्ष लगभग 10 हजार व्यक्ति सडक दुर्घटनाओं में कालकलवित हो जाते हैं। राजस्थान पुलिस अपने सोशल मीडिया पर प्रत्येक शुक्रवार को यातायात नियमों, यातायात पुलिस इत्यादि के बारे में नवीनतम सूचनाएं उपलब्ध करवाती है। शनिवार एवं रविवार के दिन सामान्य घटनाओं के साथ ही राजस्थान पुलिस के शहीदों के बारे में सूचनाएं दी जाती है।