news of rajasthan
Rajasthan: 108 Pak Hindu immigrants get citizenship of India.

राजस्थान सरकार ने पाक हिन्दू विस्थापितों को बड़ी राहत देते हुए भारत की नागरिकता प्रदान की है। पाकिस्तान से भारत आए 108 विस्थापितों को रविवार को राज्य सरकार की ओर से भारत की नागरिकता प्रदान की गई। जोधपुर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर ने टाउन हॉल में इन्हें नागरिकता का प्रमाण-पत्र सौंपा। इसी के साथ ही इन विस्थापितों को भारत में रहने और अपना जीवन जीने का अधिकार मिल गया है। कई सालों से नागरिकता का इंतजार कर रहे विस्थापितों को जैसे ही प्रमाण-पत्र मिले तो उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। विस्थापितों ने नागरिकता पाने के दौरान मंच पर चढ़कर भारत माता के नारे भी लगाए। सीमान्त लोक संगठन के अध्यक्ष हिन्दूसिंह सोढ़ा, जिला कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर ने इन विस्थापितों को नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे।

news of rajasthan
File-Image: राजस्थान में 108 पाक हिन्दू विस्थापितों को मिली भारत की नागरिकता.

विस्थापितों को अब सरकार की योजनाओं का भी मिल सकेगा लाभ

जोधपुर के जिला कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर ने कहा कि नागरिकता मिलने के बाद अब पाक हिन्दू विस्थापितों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकता मिलने के बाद ये केन्द्र और राज्य सरकार की सभी स्कीम्स का पूरा लाभ उठा सकेंगे। व्यापारी हीराराम कुमावत ने बताया कि उनके 20 परिजन जोधपुर में फर्नीचर का कार्य करते हैं। लेकिन वह नागरिकता नहीं होने की वजह से जोधपुर से बाहर जाकर काम नहीं कर सकता था। भारतीय नागरिकता नहीं होने से एक्सपोर्ट के बिजनेस से जुड़ने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन नागरिकता मिलने के बाद अब बिजनेस बढ़ा सकेंगे, साथ ही देश के अन्य हिस्सों में जाकर भी बिजनेस करेंगे।

Read More: किसानों की वास्तविक संख्या के आधार पर मिले कृषि इनपुट सब्सिडी: मुख्यमंत्री राजे

हिन्दू विस्थापितों ने नागरिकता पाकर भारत मां को किया प्रणाम

जोधपुर के टाउन हॉल में पाक विस्थापित प्रीतमदास को जैसे ही जिला कलेक्टर डॉ. रविकुमार सुरपुर ने भारत की नागरिकता का प्रमाण-पत्र दिया तो उन्होंने इसे प्राप्त करते ही सबसे पहले भारत मां को प्रणाम किया। इसके बाद भारत मां के नारे से हॉल गूंज उठे। फर्नीचर का काम करने वाले मोतीराम ने बताया कि उनका बेटा 12वीं क्लास में था, लेकिन राजस्थान मूल निवास प्रमाण-पत्र नहीं होने की वजह से वह परीक्षा नहीं दे पाया। उन्होंने कहा कि अब नागरिकता मिलने के बाद बेटा बहुत खुश है। एक वर्ष की पढ़ाई जरूर खराब हुई, लेकिन खुशी इस बात की है कि वह इस बार परीक्षा में शामिल हो सकेगा। सीमांत लोक संगठन के अध्यक्ष हिंदूसिंह सोढ़ा ने पाक विस्थापितों को भारत की नागरिकता दिलाने के लिए जोधपुर से दिल्ली तक लंबी लड़ाई लड़ी। सोढ़ा ने कहा कि संघर्ष अभी बहुत लंबा है, क्योंकि 6 हजार से ज्यादा हिन्दू विस्थापितों को नागरिकता दिलानी है। उन्होंने कहा कि 108 पाक विस्थापितों को भारत की नागरिकता देना सरकार का स्वागत योग्य कदम है।