news of rajasthan
Mahatma Gandhi Jayanti: 5 percent Special discount on Khadi textiles in the state for one year.

प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अपनी राजस्थान गौरव यात्रा के दूसरे चरण के बीच में तीन दिन के विश्राम के बाद बुधवार को पाली जिले में पहुंची। उन्होंने दिन की शुरूआत जैतारण से की। मुख्यमंत्री राजे ने सोजत कस्बे में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हमारी सरकार ने इन पांच वर्षों में वो कर दिखाया जो कांग्रेस 50 सालों में नहीं कर सकी। इसलिए हम गौरव यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने राजस्थान को बीमारू से अग्रणी प्रदेश बनाया। राजश्री योजना के माध्यम से बच्ची के पैदा होने पर उसके परिजनों को अहसास कराया कि बच्ची साक्षात लक्ष्मी का रूप होती है। मुख्यमंत्री ने कहा, अन्नपूर्णा रसोई योजना के माध्यम से गरीबों को सस्ता खाना दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास और उज्ज्वला योजना से लोगों का जीवन बदला है। हमने किसानों का ऐतिहासिक 50 हजार तक का कर्जा माफ किया। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से 30 हजार से 3 लाख तक का नि:शुल्क इलाज कराया है। अन्नपूर्णा दूध योजना के माध्यम से बच्चों की सेहत सुधारने का बीड़ा उठाया है।

news of rajasthan
Image: पाली जिले के सोजत में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

हमने करीब 18 लाख लोगों को निजी और सरकारी क्षेत्र में रोजगार व नौकरियां दी

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि हमारी वर्तमान सरकार ने करीब 15 लाख लोगों को निजी तथा 3 लाख लोगों को सरकारी क्षेत्र में रोजगार व नौकरियां दी है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में करीब 44 लाख लोगों को रोजगार के लिए ऋण दिया। 5 हजार से ज्यादा स्कूल क्रमोन्नत किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 50 साल में जितने मेडिकल कॉलेज खोले उतने 7 मेडिकल कॉलेज हमने इन पांच सालों में खोले हैं। कांग्रेस ने 50 वर्षों में 500 जीएसएस खोले, जबकि हमने इन पांच सालों में 100 से ज्यादा जीएसएस स्थापित किए। स्कूलों में 55 हजार शिक्षकों की भर्ती कर अध्यापकों के खाली पदों का प्रतिशत 50 से 20 पर लाये। राजे ने कहा कि अब हम 86 हजार शिक्षकों की भर्ती और कर रहे हैं, उसके बाद प्रदेश में शिक्षकों के सिर्फ 2 प्रतिशत पद ही रिक्त रह जाएंगे। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि गौरव पथ के माध्यम से सभी पंचायतों को सड़क से जोड़ने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान ने भूजल स्तर को ऊपर उठाया, जिसका हमें गर्व है। इसलिए गर्व के साथ प्रदेशभर में हम गौरव यात्रा निकाल रहे हैं।

निर्भया से दुष्कर्म पर मनमोहन सिंह चुप रहे, हमने लागू किया फांसी का कानून

मुख्यमंत्री राजे ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का जिक्र करते हुए कहा कि एक तो प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे, जो निर्भया के साथ दुष्कर्म हुआ तो 7 दिन तक कुछ बोले ही नहीं और एक हमारी सरकार है जिसने 12 वर्ष की बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले में फांसी की सजा का कानून बना दिया है। उन्होंने झालावाड़ और अलवर का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां हुए ऐसे मामलों में तत्काल कार्यवाही की गई और उन्हें मात्र 60 दिनों के भीतर फांसी की सजा सुना दी गई है। राजे ने कहा कि हमारी सरकार 36 कौमों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है।

Read More: कांग्रेस का संकल्प, भाजपा ही एकमात्र विकल्प: मंत्री राठौड़

जनसभा के दौरान ये भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर जैतारण में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदनलाल सैनी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री सुरेन्द्र गोयल, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र गहलोत, कोषाध्यक्ष राम कुमार भूतड़ा, सांसद रामचरण बोहरा, हरिओम सिंह राठौड़, रामनारायण डूडी, पालिकाअध्यक्ष करण सिंह नेतरा, खादी बोर्ड अध्यक्ष जसवंत विश्नोई, पूर्व विधायक देवी शंकर भूतड़ा मौजूद थे। सोजत में प्रदेशाध्यक्ष सैनी, पूर्व अध्यक्ष अशोक परनामी, केन्द्रीय राज्य मंत्री पीपी चौधरी, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, सांसद रामनारायण डूडी तथा विधायक संजना आगरी मौजूद थे।