news of rajasthan
निम्बाहेड़ा​ विधानसभा में जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री।
news of rajasthan
निम्बाहेड़ा​ विधानसभा में जनसंवाद के दौरान मुख्यमंत्री।

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने निम्बाहेड़ा को एक बड़ी सौगात देते हुए शहर में एक फुटबॉल एकेडमी खोलने की घोषणा की है। खेल एकेडमी खुलने से यहां की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन के साथ आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। अच्छे प्रशिक्षक नियुक्त कर यहां फुटबॉल खेल की प्रतिभाओं को निखारा जाएगा ताकि वे प्रदेश और देश का नाम दुनिया में रोशन कर सकें। बता दें, मुख्यमंत्री अपने 4 दिवसीय चित्तौड़गढ़ दौरे पर हैं। राजे जिले के निम्बाहेड़ा स्थित जेके इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र के जनसंवाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं। इस दौरान स्थानीय खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष फुटबॉल और अन्य खेलों के लिए और अधिक सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग रखी थी।

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि राज्य सरकार ने शिक्षा के स्तर के साथ-साथ खेलों का स्तर बेहतर करने के भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

निम्बाहेड़ा में मुख्यमंत्री ने किए कई लोकार्पण-शिलान्यास

news of rajasthan

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने निम्बाहेड़ा में जेके माइंस सड़क फलवा, शेखावत सर्कल से साकरिया चौराहा तक फोर लेन सड़क, निम्बाहेड़ा-केली-कनेरा सड़क, कनेरा में 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन तथा निम्बाहेड़ा ब्लॉक में स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। बजट घोषणा में स्वीकृत कनेरा उपतहसील का उद्घाटन भी किया है। इनके साथ शहरी जनसहभागिता योजना के अंतर्गत निम्बाहेड़ा में वंडर टाउनहॉल, जेके कन्सर्ट हॉल तथा 132 केवी सब स्टेशन ढोरिया चौराहा का शिलान्यास भी किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री राजे ने निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की सराहना की।

मेधावी छात्राओं को लेपटॉप, दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल बांटे

निम्बाहेड़ा में जनसंवाद कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने मेधावी छात्राओं को लेपटॉप और लाभार्थी दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, श्रवणयंत्र व अन्य उपकरण वितरित किए। यहां मौजूद मेधावी छात्रा उर्वशी लौहार ने कहा कि वह सरकार की योजनाओं के तहत तीन बार लैपटॉप ले चुकी है और अब वह स्कूटी लेंगी। यहां उन्होंने विधानसभा क्षेत्र निम्बाहेड़ा की 10 मेधावी छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। उन्होंने नौ विभिन्न दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, स्मार्टकेन, श्रवण यंत्र तथा एमएसआईटी किट भी बांटे। साथ ही संनिर्माण श्रमिक कार्ड योजना के तहत लाभार्थियों को चैक सौंपे।

news of rajasthan

इस अवसर पर सांसद सीपी जोशी, नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, चित्तौड़गढ़ के जिला स्तरीय अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।

read more: मुख्यमंत्री ने किया स्व.राजमाता विजयाराजे सिंधिया और स्व.भैरोसिंह शेखावत की प्रतिमा का अनावरण