news of rajasthan
CM Raje addressing the Yuva Shakti Sammelan held at Baran on 20th anniversary of Pokaran Atomic Testing.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत की साख और धाक पूरी दुनिया में कायम होती जा रही है, क्योंकि हम सभी देशों के साथ भाईचारे में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि हम शरीफ जरूर हैं, मगर कमजोर बिल्कुल नहीं हैं। अगर कोई आंख उठाकर देखेगा तो हम उसे अपनी ताकत भी बता सकते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक इसका प्रमाण है। सीएम राजे शुक्रवार को पोकरण परमाणु परीक्षण की 20वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बारां में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से आयोजित युवा शक्ति सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने इस दौरान कहा कि मेरा सौभाग्य रहा कि पोकरण में परमाणु परीक्षण के समय मैं तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की सरकार में विदेश राज्यमंत्री थी। उस समय अमेरिका सहित कई देशों ने हम पर कई प्रकार के प्रतिबंध लगाए, लेकिन उस वक्त हमारी अटल सरकार अपने इरादों पर अटल रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी को आंख दिखाना नहीं, हमारी शक्ति का आकलन कराना था।

news of rajasthan
Image: पोकरण परमाणु परीक्षण की 20वीं वर्षगांठ पर बारां में आयोजित युवा शक्ति सम्मेलन को संबोधित करती हुई मुख्यमंत्री राजे.

पोकरण परमाणु परीक्षण की 20वीं वर्षगांठ पर बारां में युवा शक्ति सम्मेलन आयोजित

सीएम राजे ने कहा कि हमारे देश के लिए मानवता ही सर्वोपरि है, इसी कारण पूरी दुनिया में हमारी प्रतिष्ठा है। पीएम मोदी की अगुवाई में आज हिंदुस्तान पहली बार शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन गौरव का दिन है। आज से देश-प्रदेश का युवा मोर्चा हर विधानसभा में जाकर युवाओं को राष्ट्रभक्ति का संकल्प दिलाएगा, क्योंकि युवा ही हमारी ताकत है, देश का भविष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव अब नजदीक ही हैं, इसलिए युवा मोर्चा चुनाव की तैयारियों में जुट जाए। सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं। सीएम राजे ने कहा कहा कि केन्द्र एवं राज्य की भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए कई ऐसे महत्वपूर्ण काम किए हैं, जो आजादी के बाद से अभी तक नहीं हो सके थे।

साढ़े चार साल में बारां जिले के विकास पर 4700 करोड़ रुपए किए खर्च

मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि बारां जिले के विकास में हमारी सरकार ने कोई कसर नहीं छोड़ी है और आगे भी इसी प्रकार तेजी से विकास कार्य करवाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बारां जिले के विकास पर साढ़े चार साल में ही 4 हजार 700 करोड़ रुपए स्वीकृत किए, जबकि गत सरकार ने पूरे पांच साल में मात्र 1300 करोड़ रुपए बारां के विकास पर खर्च किए थे। सीएम राजे ने कहा कि करीब 7 हजार करोड़ रुपए की परवन सिंचाई परियोजना से 312 गांवों की 93 हजार हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई होगी तथा 936 गांवों को पीने का पानी मिलेगा। इसी तरह 233 करोड़ रुपए की हथियादेह सिंचाई परियोजना, करीब 204 करोड़ रुपए की ल्हासी सिंचाई परियोजना, 79 करोड़ रुपए की नागदा-अंता-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना, 90 करोड़ रुपए से अटरू-शेरगढ़ पेयजल परियोजना के बड़े काम शामिल हैं। इसके अलावा सड़क, शिक्षा, चिकित्सा सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारां जिले में ऐतिहासिक कार्य करवाए गए हैं।

news of rajasthan
Image: साढ़े चार साल में बारां जिले के विकास पर 4700 करोड़ रुपए किए खर्च: सीएम राजे.

प्रदेश के लाखों किसानों के लिए वर्तमान सरकार ने लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय

सीएम राजे ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में पहली बार करीब 30 लाख किसानों के 50 हजार रुपए तक के ऋण माफ किए गए हैं। किसानों के लिए सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की राशि को 50 हजार रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया गया है। साथ ही सहकारी भूमि विकास बैंकों द्वारा किसानों को दिए जाने वाले ऋण पर ब्याज की दर 12.10 से घटाकर 5.5 प्रतिशत की गई है। उन्होंने कहा कि हम इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 80 हजार करोड़ रुपए फसली ऋण वितरण का लक्ष्य छू लेंगे। कार्यक्रम के दौरान झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि हमारी धरती शौर्य और बलिदान की धरती है। भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने पोकरण में हुए परमाणु परीक्षण की यादें आज यह कार्यक्रम कर फिर ताजा कर दी हैं। उन्होंने परवन परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस परियोजना से बारां जिले के लोगों का जीवन बदल जाएगा। इससे पहले सीएम राजे ने पोकरण से लाई गई मिट्टी का पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर पाण्डाल में मौजूद लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं भी सुनीं।

Read More: राजस्थान: अब पंचायतें गांवों में आबादी भूमि के पट्‌टे ट्रांसफर कर सकेंगी

इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री राजे ने शुक्रवार दोपहर बूंदी पहुंचकर महिपत सिंह हाड़ा की माताजी अमर कंवर को श्रद्धांजलि दी। सीएम राजे ने हाड़ा के निवास पहुंचकर स्वर्गीय अमर कंवर की तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कंवर का बुधवार को देहावसान हो गया था। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार जनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़ंस बंधाया। उन्होंने दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।