van-mahotsav

कल सोमवार को राजस्थान में शुरू हुए 68वें वन महोत्सव में राजधानी जयपुर के गोविंदपुरा बीड में समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारम्भ मुख्यमंत्री राजे ने बिल्वपत्र के पौधे लगाकर किया। गोविंदपुरा कस्बें के बीड गाँव में मुख्यमंत्री राजे ने वहां के लोगों के सहयोग से गूलर, मौलश्री, पीपल, बरगद और खेजड़ी के पौधे लगाए। लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि राजस्थान सरकार ने जिस तरह से मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान द्वारा राज्य के गाँव-गाँव को जल की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है, ठीक उसी तरह से अब पौधरोपण अभियान चलाया जायेगा। जलस्वावलंबन अभियान के सफल संचालन से जिस तरह प्रदेश में जलक्रांति आयी है, उसी तरह अब प्रदेश में वनक्रांति आएगी। शुष्क प्रदेशके तौर पर जाने जाने वाले राजस्थान को हरा-भरा बनाया जायेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री राजे के साथ केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, राज्य के वनमंत्री गजेंद्र खींवसर, उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भी उपस्थित थे।

ज़िम्मेदारी तय होगी हर नागरिक की:

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने क्षेत्र के लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वानक्रांति के तहत पूरे राज्य में सरकार 60 लाख पौधे लगाएगी। लेकिन जनता की ज़िम्मेदारी होगी कि वो इन पौधों का ख्याल रखें। राज्य के व्यक्ति-व्यक्ति की ज़िम्मेदारी होगी कि वह इन पौधों की देखभाल कर इन्हें छायादार बनाये। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राजे ने प्रदेशभर की जनता से यह आह्वान किया कि हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना दायित्व निभाते हुए, अपने जीवन में कम से कम पांच पौधे ज़रूर लगाने चाहिए। लगाए गए पौधों की कम से कम तीन साल तक देखभाल भी करनी चाहिए। ताकि पेड़ों की घटती संख्या पर नियंत्रण किया जा सकें।

पौधरोपण को बढ़ाने के लिए की आकर्षक पहल:

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश की सारी जनता से पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए काम करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करने के लिए इस अवसर पर एक आकर्षक पहल भी शुरू की। मुख्यमंत्री राजे ने अधिकाधिक लोगों को सरकार के सकारात्मक प्रयास से जोड़ने के लिए लोगों को उनके द्वारा लगाए गए पौधे के साथ सेल्फी लेकर, उसे मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर #MyGreenRajasthan हैशटैग के साथ अपलोड एवं शेयर करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री राजे ने समुचित प्रयासों से राजस्थान की वनक्रांति को साकार करने की बात कही।