news of rajasthan
Chief minister Raje's Rajasthan Gaurav Yatra begins today from Kota division.

प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज शुक्रवार से कोटा संभाग में अपनी राजस्थान गौरव यात्रा के अगले चरण की शुरूआत कर दी है। मुख्यमंत्री राजे ने कोटा संभाग में रथ यात्रा की शुरूआत अपने गृह जिले झालावाड़ में डग स्थित क्यासरा महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लेकर प्रारम्भ की। राजे सुबह करीब 10.30 बजे मंदिर पहुंची थी, इसके बाद उन्होंने 11 बजे डग में आमसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे रामगंजमंडी में विशाल जनसभा को संबोधित करेगी।

news of rajasthan
Image: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

इसके बाद राजे मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र के इकलेरा में दोपहर 2.30 बजे आमसभा को संबोधित करेगी। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे अरनिया, चार बजे आमेठा और 4.30 बजे असनावर में मुख्यमंत्री राजे की स्वागत सभा आयोजित की जाएगी। शाम करीब 5 बजे खानपुर विधानसभा क्षेत्र के रूपारेल तीन धार चौराहा पर राजे की स्वागत सभा होगी। इसके बाद सीएम राजे की अपने गृह विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन में स्वागत सभा आयोजित की जाएगी।

कोटा संभाग में 14 से 18 सितम्बर तक निकलेगी राजस्थान गौरव यात्रा

मुख्यमंत्री राजे की गौरव यात्रा का चौथा चरण आज 14 सितम्बर से कोटा संभाग में शुरू हो गया है। राजे की रथ यात्रा का यह चौथा चरण 5 दिवसीय होगा। कोटा संभाग में 18 सितम्बर को यात्रा समाप्त हो जाएगी। इस संभाग में वे कुल 500 किलोमीटर की यात्रा करेंगी। राजे इस दौरान झालरापाटन को छोड़ 12 विधानसभाओं में जनसभाएं करेंगी। इसमें रामगंजमंडी, मनोहरथाना, डग, छीपाबड़ौद, बारां-अटरू, किशनगंज, अंता, पीपल्दा, सांगोद, केशोरायपाटन, बूंदी तथा हिंडौली शामिल है। कोटा संभाग में कुल 17 विधानसभा क्षेत्रों में से 16 में बीजेपी विधायक हैं। इसके अलावा दोनों सांसद भी बीजेपी के ही हैं। कोटा संभाग के बाद मुख्यमंत्री 20 सितम्बर से भरतपुर संभाग की गौरव यात्रा पर होगी।

Read More: श्रमिकों के बच्चों को मुफ्त में आईटीआई पढ़ाएगी राजे सरकार

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपनी राजस्थान गौरव यात्रा की शुरूआत उदयपुर संभाग में चार अगस्त से शुरू की थी। इसके बाद वे दूसरे चरण में जोधपुर, तीसरे चरण में बीकानेर संभाग की यात्रा कर चुकी है। चौथे चरण में राजे 14 से 18 सितम्बर तक कोटा संभाग में रहेगी। इसके बाद भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग में गौरव यात्रा निकलेगी।