news of rajasthan

news of rajasthan

राजस्थान गौरव यात्रा का तीसरा चरण जल्द ही शुरू होने जा रहा है। 40 दिवसीय यह रथ यात्रा 30 सितम्बर को अजमेर में जाकर थमेगी। गौरव यात्रा के बाद शेष विधानसभा क्षेत्रों एवं सभी संभागीय मुख्यालयों पर प्रदेश भाजपा की ओर से गौरव सभाएं आयोजित की जाएंगी। इन सभा सभाओं में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित भाजपा के राष्ट्रीय नेता भी भाग लेंगे। यही वजह रही कि राजस्थान गौरव यात्रा की किसी भी संभाग मुख्यालय पर कोई सभा नहीं रखी गई है। रथ यात्रा के रोड मैप में जो विधानसभा क्षेत्र छूट गए हैं, उन सभी में राजे खुद जाकर सभाएं करेंगी। सभी सभाओं का अक्टूबर में होना प्रस्तावित हुआ है।

बता दें कि फिलहाल उदयपुर संभाग में राजस्थान गौरव यात्रा का पहला चरण पूरा हो चुका है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के चलते रथ यात्रा का दूसरा चरण भरतपुर संभाग रद्द कर दिया गया था। अब शुक्रवार से जोधपुर संभाग से यात्रा का अगला चरण शुरू होगा। यात्रा की शुरूआत जैसलमेर के तनोट माता मंदिर में पूजा पाठ के बाद आरंभ होनी है।

जोधपुर संभाग में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालौर और सिरोही आदि जिलों में जाएंगी। रथ यात्रा 24 अगस्त से शुरू होगी। 26 से 29 अगस्त का अवकाश रहेगा। 29 से फिर यात्रा शुरू होगी और 2 सितम्बर तक चलेगी। यात्रा के दौरान कुल 20 सभाएं होंगी और 51 स्थानों पर स्वागत पॉइंट होंगे। इस दौरान यात्रा कुल 1285 किमी. का सफर तय करेगी और 32 विधानसभाएं कवर होंगी। बता दें कि पिछली बार यहां की 33 विधानसभा सीटों में से 30 पर भाजपा के विधायकों ने अपना कब्जा जमाया था।

Read more: ईद-उल-जुहा आज, मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को दी मुबारकबाद