news of rajasthan
Launch of electoral journey along with 'Rajasthan Gaurav Yatra': BJP state president Saini.

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की 40 दिवसीय ‘राजस्थान गौरव यात्रा’ की आज शनिवार से शुरुआत हो चुकी है। राजे की इस यात्रा का शुभारंभ उदयपुर संभाग स्थित चारभुजा नाथजी मंदिर से शुरू हुआ, यात्रा रथ को भाजपा संगठन अध्यक्ष अमित शाह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले मुख्यमंत्री राजे ने शुक्रवार को सीएम निवास पर राजस्थान गौरव यात्रा के रथ की पूजा कर उसे चारभुजा के लिए रवाना किया। यह यात्रा राजसमंद जिले के चारभुजा नाथजी मंदिर से शुरू होकर प्रदेशभर के 165 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। राजे ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी की उपस्थिति में फूल-मालाओं से सजे रथ की विधि-विधान से पूजा करवाई और प्रसाद का वितरण किया। इसके बाद उन्होंने रथ को रवाना किया। प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने गौरव यात्रा रथ की रवानगी के साथ ही भारतीय जनता पार्टी की चुनावी यात्रा का शुभारंभ किया है।

news of rajasthan
Image: ‘राजस्थान गौरव यात्रा’ के लिए रथ का पूजन करती हुई मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी.

विधानसभा चुनाव 2018 में फिर ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सैनी ने कहा कि यह विजय रथ प्रदेश के सभी जिलों में जाएगा और यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री राज्य सरकार के विकास कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को देंगी तथा लाभार्थियों के साथ संवाद करेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत का जो लक्ष्य तय किया है, हम उसे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार ने खूब विकास किया है, यह बात प्रदेश की जनता जानती है और इसलिए हमें पूरा विश्वास है कि विधानसभा चुनाव में हम अपने लक्ष्य को हासिल कर सकेंगे।

Read More: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने नाम लिए बगैर गहलोत पर साधा निशाना

इस दौरान ये भी रहे उपस्थित

राजस्थान गौरव यात्रा रथ की पूजा एवं रवानगी के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा, सांसद दुष्यंत सिंह, राजस्थान जन अभाव अभियोग एवं निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, राजस्थान लोकसेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुन्दर शर्मा, राजस्थान आवासन मंडल के पूर्व अध्यक्ष अजयपाल सिंह, अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।