जयपुर। प्रदेश के सबसे बड़ी सरकारी एसएमएस हॉस्पिटल के महिला चिकित्सालय में सीनियर डॉक्टरों की प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला रेजीडेंट ने खुदकुशी कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सांगानेरी गेट स्थित महिला अस्पताल की डॉक्टर साक्षी गुप्ता (27) ने चिकित्सालय परिसर में बने हॉस्टल में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पंजाब निवासी साक्षी पीजी फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी। सुसाइड के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन अतिरिक्त प्राचार्यों की कमेटी गठित की है। बुधवार शाम को जयपुर पहुंचे साक्षी के परिजनों का मुर्दाघर के बाहर रो-रोकर बुरा हाल था। आत्महत्या से पहले मंगलवार रात को साक्षी ने अपनी मां से बात कर सीनियर डॉक्टरों द्वारा टॉर्चर करने की बात कही थी और आरोपी डॉक्टरों के नाम भी बताए थे।

5 महिला डॉक्टरों पर प्रताड़ित करने का आरोप

मृतक डॉक्टर साक्षी के पिता सुमेष गुप्ता ने लालकाेठी थाने में रिपाेर्ट दर्ज करवाई है। जिसमें डाॅ. लीला, डाॅ. अदिति, डाॅ. वर्षा, डाॅ. दीपाली और डाॅ. कविता पर आराेप लगाए हैं। साक्षी की मां ने बिलखते हुए कहा कि उनकी बेटी काफी होनहार थी और देशभर में उसकी अच्छी रैंक आई थी। साक्षी ने फोन करके बताया था कि सीनियर डॉक्टर काम को लेकर बहुत ज्यादा दबाव डालते हैं। सार्वजनिक रूप से बात-बात पर डांटते हैं और 6 घंटे की जगह 12-12 घंटे काम कराते हैं। सुसाइड की सूचना पाकर परिजन और साक्षी के परिचित रेजीडेंट डॉक्टर एसएमएस के मुर्दाघर पहुंच गए और सीनियर डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।