
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 4 जुलाई को राजस्थान में जोधपुर और पचपदरा दौरा होगा. जिससे प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी. इस ऐतिहासिक यात्रा को लेकर जोधपुर में उत्साह का माहौल है और राज्य सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है. पीएम मोदी के आगमन की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और डीजीपी राजीव शर्मा समेत प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का दल गुरुवार को जोधपुर पहुंचा.
जोधपुर रेलवे स्टेशन पर जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया. यह दौरा न केवल सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है बल्कि प्रोटोकॉल और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को त्रुटिहीन बनाने के लिए भी प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर राज्य सरकार ने सभी विभागों के साथ बेहतरीन तालमेल बनाया है. उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि ‘Everything will be perfect’.
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्रशासनिक दल जोधपुर एयरपोर्ट से लेकर पचपदरा रिफाइनरी तक के हर पॉइंट का बारीकी से निरीक्षण करेगा. सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन तक हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा ताकि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल और व्यवस्थित रहे.
रेगिस्तान का गौरव बनेगी पचपदरा रिफाइनरी
इस दौरे का सबसे अहम पड़ाव पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन है. मुख्य सचिव ने इसे ‘स्टेट-ऑफ-द-आर्ट’ तकनीक का अद्भुत संगम बताते हुए इसे ‘रेगिस्तान का रत्न’ कहा है. यह अत्याधुनिक रिफाइनरी न केवल राजस्थान के औद्योगिक मानचित्र को बदलेगी बल्कि राज्य में निवेश के नए द्वार भी खोलेगी.
4 जुलाई का दिन राज्य की आर्थिक उन्नति में एक मील का पत्थर साबित होगा. प्रशासनिक स्तर पर आमजन की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है ताकि किसी को असुविधा न हो. प्रधानमंत्री की एक झलक पाने और विकास की इस नई गाथा के गवाह बनने के लिए मारवाड़ की जनता में खासा उत्साह है.




