राजस्थान में पंचायत चुनाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद भाजपा संगठन में अंदरूनी मंथन तेज हो गया है. चुनावी नतीजों को लेकर प्रदेश संगठन ने दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के सामने प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की है. इस रिपोर्ट में हार के कारणों को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं. खास बात यह है कि प्रदेश संगठन ने हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेने से इनकार करते हुए टिकट वितरण से लेकर चुनावी रणनीति तक में सरकार और स्थानीय विधायकों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं.

जयपुर: राजस्थान में पंचायत चुनाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद भाजपा संगठन में अंदरूनी मंथन तेज हो गया है. चुनावी नतीजों को लेकर प्रदेश संगठन ने दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व के सामने प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की है. इस रिपोर्ट में हार के कारणों को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं. खास बात यह है कि प्रदेश संगठन ने हार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेने से इनकार करते हुए टिकट वितरण से लेकर चुनावी रणनीति तक में सरकार और स्थानीय विधायकों की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं.

पार्टी के भीतर अब यह जानने की कवायद शुरू हो गई है कि आखिर संगठन और सत्ता के बीच समन्वय की कमी कहां रही और किन वजहों से पंचायत चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली. केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश संगठन को 15 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सौंपने के निर्देश दिए हैं.

टिकट वितरण में सरकार की भूमिका पर उठे सवाल:
प्रारंभिक रिपोर्ट में टिकट वितरण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं. संगठन का मानना है कि कई जगह जमीनी फीडबैक और संगठन के स्थानीय पदाधिकारियों की राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया. इसके अलावा विधायकों को टिकट चयन में फ्री हैंड देने के फैसले पर भी सवाल खड़े हुए हैं.

15 दिन में तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट:
केंद्रीय नेतृत्व ने पूरे चुनाव की समीक्षा कर 15 दिन में विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है. इस रिपोर्ट में नेताओं, विधायकों और चुनाव प्रभारियों की भूमिका का अलग-अलग आकलन किया जाएगा. किस क्षेत्र में संगठन कितना सक्रिय रहा और किस स्तर पर चुनावी रणनीति कमजोर पड़ी, इसका भी विश्लेषण होगा.

चारों प्रदेश महामंत्री संभालेंगे समीक्षा की जिम्मेदारी:
भाजपा के चारों प्रदेश महामंत्री संभाग से लेकर विधानसभा स्तर तक चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे. इसके तहत प्रत्येक क्षेत्र में पार्टी की स्थिति, बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, स्थानीय नेताओं की भूमिका और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय का आकलन किया जाएगा.
समीक्षा के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि किन क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और इसके पीछे कौन से स्थानीय कारण जिम्मेदार थे.

सर्वे एजेंसियों की रिपोर्ट भी जांच के दायरे में:
भाजपा इस बार चुनाव से पहले तैयार कराई गई सर्वे एजेंसियों की रिपोर्ट और चुनावी आकलन की भी जांच करेगी. पार्टी यह जानने की कोशिश करेगी कि चुनाव पूर्व सर्वे में जो संभावनाएं जताई गई थीं, वे नतीजों से अलग क्यों साबित हुईं.

संगठन और सरकार के बीच समन्वय पर भी नजर:
पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा के भीतर संगठन और सरकार के बीच तालमेल को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. प्रदेश संगठन की प्रारंभिक रिपोर्ट में जमीनी कार्यकर्ताओं के फीडबैक को नजरअंदाज किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया है.