जयपुर: राजस्थान भाजपा में एक बार फिर संगठनात्मक बदलाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. पार्टी के कई जिलाध्यक्षों को बदलने की चर्चाएं संगठन के गलियारों में चल रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, आगामी जनवरी तक प्रदेश के डेढ़ दर्जन से अधिक जिलों में जिलाध्यक्ष बदले जा सकते हैं. इस संभावित फेरबदल में जयपुर शहर और जयपुर देहात के जिलाध्यक्षों के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं.

हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक जिलाध्यक्षों को बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में फिलहाल इसे संगठन के भीतर चल रही चर्चाओं और संभावित रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
18 से ज्यादा जिलों में बदल सकते हैं चेहरे:

सूत्रों की मानें तो भाजपा संगठन प्रदेश के विभिन्न जिलों में नेतृत्व और संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा कर रहा है. इसी समीक्षा के आधार पर डेढ़ दर्जन से अधिक जिलाध्यक्षों को बदले जाने की संभावना जताई जा रही है. जनवरी तक इस प्रक्रिया को पूरा करने की चर्चा है.

जयपुर शहर और देहात पर भी नजर:
इस संभावित फेरबदल में राजधानी जयपुर के संगठन पर भी सबकी नजरें टिकी हैं. जयपुर शहर और जयपुर देहात के जिलाध्यक्षों को लेकर भी बदलाव की चर्चाएं चल रही हैं. राजधानी का संगठनात्मक और राजनीतिक महत्व देखते हुए यहां होने वाले किसी भी बदलाव को अहम माना जा रहा है.

बदलाव से पहले तैयार होगी नेताओं की रिपोर्ट:
सूत्रों के अनुसार, जिलाध्यक्षों में बदलाव से पहले संगठन स्तर पर विस्तृत फीडबैक और रिपोर्ट तैयार की जाएगी. इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और प्रदेश संगठन महामंत्री की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

अनुभवी और संगठन के जानकार चेहरों को मिल सकता है मौका:
संभावित फेरबदल में पार्टी का फोकस ऐसे नेताओं पर रह सकता है, जिन्हें संगठन चलाने का अनुभव हो और जो जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बना सकें. नए जिलाध्यक्षों के चयन में अनुभव, सक्रियता और संगठनात्मक समझ को महत्व दिए जाने की संभावना है.