जयपुर। प्रदेश में बढ़े महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे है। रोजाना प्रदेश के कोने—कोने से दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही है। भरतपुर जिले के नगर थाना इलाके की एक गैंगरेप पीड़िता इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है। बुधवार को पीड़िता नगर सीओ सत्यप्रकाश मीणा के पास पहुंची। 25 साल की पीड़िता ने सीओ को चेतावनी दी कि अगर उससे रेप करने वाले आरोपियों को जल्द नहीं पकड़ा गया तो वह धरना देगी।

पति का एक्सीडेंट का बहाना बनाकर ले गए पड़ोसी
पीड़िता ने बताया कि 22 मई के दिन सुबह वह घर पर अकेली थी। उसका पति काम पर गया हुआ था। इस दौरान उसका पड़ोसी सन्नी आया कहा कि उसके पति का एक्सीडेंट हो गया है। उसे इलाज के लिए अलवर ले गए हैं। महिला सन्नी और उसके दोस्त संजय के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर अलवर के लिए चल दी। सन्नी और संजय महिला को एक सुनसान जगह ले गए और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

10 दिनों तक बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
इस दौरान एक व्यक्ति वहां हथियार लेकर आया और तीनों उसे एक कमरे में ले गए। उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं तीनों आरोपियों ने महिला को 3 जून तक बंधक बनाकर भी रखा। इस दौरान तीनों आरोपी लगातार उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। तीनों आरोपियों ने महिला के अश्लील वीडियो भी बना लिया।