
जयपुर। उत्तर प्रदेश के हाथरस का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि राजस्थान से दो नाबालिग बहनों के साथ सामूहिक बलात्कार किए जाने की खबर सामने आई है। आरोपी पहले दोनों लड़कियों को बहला फुसला कर अपने साथ ले गए। फिर तीन दिन तक उन्हें अलग-अलग शहरों में ले जाकर उनके साथ रेप किया गया। बारां जिले के छबड़ा निवासी दोनों दलित बहनों का गांव के ही चार युवकों ने खेत पर जाते समय अपने साथ ले गए। आरोपित रमेश, सोनू, गणेश और जयकृथ अपहरण करने के बाद दोनों बहनों को अजमेर, जयपुर व कोटा लेकर गए और वहां उनके साथ कई बार सामूहिक तौर पर दुष्कर्म किया। चारों आरोपित दो दिन पहले दोनों बहनों को रात के अंधेरे में घर के बाहर छोड़ गए। नाबालिगों ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। इस पर मंगलवार शाम उनके पिता ने स्थानीय पुलिस थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया।
बयान में बलात्कार जैसी कोई बात नहीं
दोनों लड़कियों ने आरोप लगाया कि झांसा देकर युवकों ने अपने साथ पहले कोटा ले गए। फिर जयपुर और उसके बाद अजमेर। उनके साथ लगातार बलात्कार किया गया। जिले के पुलिस अधीक्षक रवि सभरवाल का कहना है कि हमने इन लड़कियों को बरामद कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया था। जहां पर मजिस्ट्रेट के समक्ष 164 के बयान में इन्होंने बलात्कार जैसी कोई बात नहीं कही थी और कहा था कि वे अपनी मर्जी से इन लड़कों के साथ गई थीं। क्योंकि उनके घरवाले उनके साथ मारपीट करते थे।
पिता ने दर्ज कराया मामला
दरअसल, बारां में 18 सितंबर की रात दो नाबालिग लड़कियां अपने घर से गायब हो गई थीं। 19 सितंबर को उनके पिता ने पड़ोस में रहने वाले दो परिचित लड़कों पर लड़कियों को भगाने का मुकदमा दर्ज करवाया। इसी दौरान आरोपी लड़कों ने उन लड़कियों के साथ अपने फोटो फेसबुक पर पोस्ट किए। तब पिता पुलिस को साथ लेकर कोटा पहुंचे और 21 सितंबर को लड़कियां बरामद हो गईं।
योगा सिखाने के बहाने विदेशी लड़कियों से रेप
जयपुर के सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन विदेशी युवतियों से दुष्कर्म की वारदात करने वाले आरोपी कथित बाबा को मुंबई से गिरफ्तार किया है। जयपुर के एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह ने बताया कि सदर थाना पुलिस को दिल्ली से जीरो नंबर एफआईआर मिली थी, जिसमें एक पुर्तगाली युवती ने आरोपी बाबा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस पर जांज करने पर सामने आया कि आरोपी बाबा विदेशी महिलाओं को ऑनलाइन बिजनेस और योगा सिखाने का झांसा देकर काफी समय से उनका यौन शोषण कर रहा था। एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह ने बताया कि एक एफआईआर दिल्ली के करोल बाग और एक दो एफआईआर जयपुर के विधायकपुरी थाने और सदर थाने में दर्ज करवाई है। आरोपी बाबा रूपक चटर्जी बंगाल का निवासी बताया जा रहा है। वहीं आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आयी। आरोपी बाबा 12 देशों की भाषाओं का जानकार भी बताया जा रहा है।




