जयपुर। प्रदेश के बीकानेर जिले के नोखा में दो पक्षों में विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। नोखा के घट्‌टू गांव में मंगलवार को दो पक्षों के आसने सामने होने के बाद से शहर बंद है। एक पक्ष के लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दूसरा पक्ष युवकों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहा है। थाने पर मंगलवार शाम जमकर प्रदर्शन भी किया गया। बुधवार को नोखा बंद की घोषणा कर दी गई। सुबह से लोगों ने बाजारों में दुकानें बंद करवा दीं।

बाजार में भारी मात्रा पुलिस तैनात
बीते मंगलवार को घट्‌टू गांव में तमिलनाडू से आए कुछ युवकों की गतिविधियों पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इसके बारे में नोखा पुलिस को सूचना दी गई। युवकों को लेकर पुलिस नोखा थाने आ गई। थोड़ी देर बाद में नोखा थाने के सामने भारी भीड़ जमा हो गई। इन युवकों को जमानत पर छोड़ने को लेकर नाराजगी जताते हुए बुधवार सुबह नोखा बंद करवाया गया। घंटाघर के पास नारे लगाते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए गए।

सभी मुख्य बाजार बंद
आरोप लगाया गया कि पुलिस एक पक्ष को समर्थन दे रही है। सुबह 11 बजे तक नोखा के सभी मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहे। आवश्यक सेवाओं के तहत दवाओं की दुकानों को छूट दी गई है, जबकि शेष अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं। शहर में घटनाक्रम पर पुलिस प्रशासन नजर बनाए हुए है। इस मामले में जिला कलक्टर नमित मेहता ने रिपोर्ट तलब की है।