जयपुर। प्रदेश के जोधपुर जेल में बंद कैदी के गुप्तांग से 4 मोबाइल मिलने का एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, माेबाइल पकड़े जाने के डर से बंदी ने गुप्तांग में माेबाइल छुपाए थे। बाद में असहनीय दर्द हाेने पर डाॅक्टर ने जांच की। पूछताछ के दौरान कैदी ने बताया कि गुप्तांग में माेबाइल छुपा है। इसके बाद उसकाे एमडीएम हाॅस्पिटल में भर्ती करवाया गया। बाद में एमडीएम हाॅस्पिटल में उसका ऑपरेशन किया गया ताे 4 माेबाइल निकले। यह अनोखा मामला देखकर वहां के डॉक्टर भी हैरान रह गए।

तीन मोबाइल छुपाने की बात कबूली
बाड़मेर निवासी देवाराम (32) डेढ़ साल से जोधपुर सेंट्रल जेल में है। वह नाबालिग बालक के साथ कुकर्म करने पर पाेक्साे एक्ट में 10 साल की सजा काट रहा है। गुरुवार रात उसके पेट में असहनीय दर्द हुआ। जेल प्रशासन ने उसे तुरंत जेल परिसर में बने अस्पताल में भर्ती किया। वहां चिकित्सक ने जब जांच की और बंदी से पूछा तो बताया कि उसने अपने गुप्तांग में मोबाइल छुपा रखे हैं। उसने ये भी कहा कि एक नहीं बल्कि तीन मोबाइल हैं।

ऑपरेशन कर निकाला बाहर
उन्हाेंने तुरंत एक्स-रे व सोनोग्राफी की। उसमें साफतौर पर मोबाइल दिखाई दिया। इस पर बंदी को शुक्रवार सुबह एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां देर शाम डाॅ. एमके आसेरी ने बंदी का ऑपरेशन किया। उन्हाेंने बताया कि आश्चर्यजनक रूप से बंदी के प्राइवेट पार्ट से 4 माेबाइल निकाले गए। जैसे ही यह खबर सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया।

जेल में तलाशी अभियान से घबराकर माेबाइल छुपाने का संदेह
जेल अधीक्षक कैलाश त्रिवेदी ने बताया कि जेल में लगातार मादक पदार्थों व मोबाइल सहित अन्य वस्तुओं को लेकर सघन तलाशी अभियान चल रहा है। ऐसे में संदेह है कि बंदी ने पकड़े जाने के डर से अपने गुप्तांग में मोबाइल छुपा लिया था।