जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार से दो दिन के राजस्थान दौरे पर पहुंच गई हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू पहली बार आज राजस्थान आई हैं। राष्ट्रपति के विशेष विमान से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल कलराज मिश्र और सीएम अशोक गहलोत ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति ने अमर जवान ज्योति पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राजभवन पहुंचकर संविधान पार्क का लोकार्पण किया।

राष्ट्रपति ने देश के अनोखे पार्क का किया उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दो दिवसीय प्रदेश दौरे के पहले दिन राजभवन में बने संविधान पार्क का उद्घाटन कर पार्क की पट्टिका का अनावरण किया। संविधान पार्क के लोकार्पण के बाद राजभवन में मयूर स्तंभ, गांधी प्रतिमा, महाराणा प्रताप के घोड़े चेतक की प्रतिमा सहित ब्यूटीफिकेशन के कामों का भी राष्ट्रपति ने अवलोकन किया। इस दौरान राष्ट्रपति को संविधान पार्क की थीम पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई और राज्यपाल कलराज मिश्र ने मुर्मू को एक स्मृति चिह्न भेंट किया। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। राष्ट्रपति राजभवन में ही आज आदिवासियों के एक समूह से भी मुलाकात करेंगी।

प्रदेश का महिला सशक्तिकरण में बड़ा योगदान : राष्ट्रपति मुर्मू
इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि राजस्थान का समानता और महिला सशक्तिकरण में बड़ा योगदान है। बाल विवाह के खिलाफ कानून राजस्थान के हरविलास शारदा ने बनाया। हरविलास शारदा ने 1938 में कानून का मसौदा बनाया था। जो बाद में शारदा एक्ट के नाम से प्रसिद्ध हुआ। इसलिए यहां का इतिहास महिलाओं की गरिमा और सशक्तिकरण का है।

अब लोगों के खुला संविधान पार्क
जयपुर में अब लोगों को राजभवन के साथ संविधान पार्क देखने का भी मौका मिलेगा और संभवत: देश का पहला ऐसा राजभवन होगा जहां पर संविधान पार्क बनाया गया है। संविधान पार्क आम और खास सभी के लिए खुलेगा जहां संविधान लागू होने तक की गतिविधियों को कलात्मक रूप में दिखाया गया है जिसमें कई मूर्तियां और मॉडल लगाए गए हैं। वहीं संविधान पार्क को देखने के लिए स्टूडेंट्स, पर्यटक और सामान्य व्यक्ति जा सकेंगे जिसके लिए राजभवन के गेट पर पास बनवाना पड़ेगा।

एक साथ 50 लोग देख सकेंगे पार्क
50 के स्लॉट में लोगों को संविधान पार्क देखने की अनुमति मिलेगी और सप्ताह में 2 दिन एंट्री दी जाएगी। वहीं इसके लिए ऑनलाइन भी रजिस्ट्रेशन करवाया जा सकता है जो बिल्कुल फ्री है। मालूम हो कि पार्क का शिलान्यास 26 जनवरी को हुआ था और स्मार्ट सिटी के बजट से बने इस पार्क को जयपुर विकास प्राधिकरण ने बनाया है जिसकी लागत 9.5 करोड़ रुपए आई है।

पार्क में लगी हैं शिलालेख और कई प्रतिमाएं
संविधान पार्क में संविधान के गठन में योगदान देने वाले भारत देश के कई महापुरुषों की प्रतिमाएं और शिलालेखों को लगाया गया है। महात्मा गांधी, महाराणा प्रताप और राजस्थान कला संस्कृति की झलकियां भी पेश की गई हैं। इसके साथ ही पार्क में प्रवेश करते ही सबसे पहले गोल्डन ब्लेक कलर का स्कल्पचर नजर आएगा।