

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की सुराज गौरव यात्रा की तैयारी जोरो-शोरों से चल रही है। पहले खबर यह थी कि भारतीय जनता पार्टी के सर्वेसर्वा और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इस रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अब सूचना आई है कि अमित शाह ही नहीं अपितु खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी सुराज गौरव यात्रा में शामिल होंगे। सुराज गौरव यात्रा की शुरूआत 4 अगस्त को उदयपुर के चारभुजा मंदिर से होगी। यहां पहले मुख्यमंत्री राजे इस मंदिर में पूजा करेंगे और उसके बाद रथ में सवार होंगी। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की यह चुनावी रथयात्रा प्रदेश के सभी सातों संभागों से होकर गुजरेगी। 30 सितम्बर को जैसे ही यह रथयात्रा अपने अंतिम पड़ाव पुष्कर (अजमेर) पहुंचेगी, प्रधानमंत्री मोदी इस यात्रा में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

इस चुनावी यात्रा का मुख्य उद्देश्य राजस्थान भाजपा सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने लाना है। कांग्रेस मुक्त राजस्थान के नारे के साथ निकाली जा रही इस यात्रा की शुरूआत के पहले दिन यानि 4 अगस्त को राजसमंद में दो लाख लोगों की जनसभा होगी। यात्रा के हर स्वागत प्वाइंट पर दो हजार कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। 40 दिनों तक चलने वाली इस रथयात्रा में 4 बार ब्रेक लिए जाएंगे। सुराज गौरव यात्रा के साथ ही लोकसभा क्षेत्र में सांसद उपयात्रा भी निकाली जाएगी जिसमें केन्द्रीय नेताओं की भागीदारी रहेगी।
सुराज गौरव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे एक खास रथ पर सवार होंगी और उसी की छत से जनता जनार्दन का अभिवादन स्वीकार करेंगी। रथयात्रा को भव्य बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता कड़ी मेहनत कर रहे हैं। बीजेपी के 100 युवा कार्यकर्ता और 15 चुने हुए कार्यकर्ता हर समय रथयात्रा के साथ रहेंगे। रथयात्रा के आगे 200 बाइकर्स रहेंगे। यात्रा के आगे-आगे महिला कार्यकर्ता कमल की रंगोली बनाएंगी। रथयात्रा की पल-पल की खबर से जनता को अपडेट कराने के लिए भाजपा मीडिया टीम की घोषणा हो चुकी है।
Read more: मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे आज से दो दिवसीय बीकानेर दौरे पर





