news of rajasthan
लोकसभा चुनाव 2019 राजस्थान: बीजेपी वर्सेज कांग्रेस.

दिसम्बर 2018 में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद अब आम चुनाव की बारी है। देश-दुनिया के लोगों में इस चुनाव के नतीजों के प्रति अभी से ही खासा उत्साह देखा जा रहा है। विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत एक बार फिर 2019 में लोकतंत्र का महापर्व मनाने जा रहा है। भारत में अप्रैल-मई महीने में लोकसभा चुनाव प्रस्तावित है। आम चुनाव में जनता अपने मतदान की ताकत का प्रयोग करते हुए अगले पांच साल के लिए देश की सरकार का चुनाव करेगी। देश के मतदाता यह तय करेंगे की उन्हें किसे सत्ता सौंपनी है? ऐसे में देश की राजनीतिक पार्टियां भी इस मौके को भुनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया था। अपने सहयोगी दलों द्वारा जीती सीटें अलग कर दे तो भी बीजेपी सरकार बनाने में कामयाब रही थी। सरकार बनाने के लिए 272 सीटें जीतना जरूरी है, बीजेपी ने अकेले ही 280 से ज्यादा सीटें जीती थी। उसके सहयोगी दलों को मिलाकर यह आंकड़ा 336 पर पहुंचा था। 2019 के आम चुनाव में एनडीए के सामने जहां सत्ता बचाने की चुनौती होगी वहीं, कांग्रेस अपने सहयोगी दलों के साथ सत्ता में वापसी की राह देख रही है। इनके अलावा क्षेत्रीय पार्टियां भी देश के सामने खुद को तीसरा विकल्प के तौर पर स्थापित करने की कोशिश में लगी हुई हैं।

लोकसभा चुनाव में बीजेपी का पलड़ा भारी, कांग्रेस कुछ सीटों पर जीतकर करेंगी वापसी

क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य राजस्थान में लोकसभा की कुल 25​ सीटें हैं। अगर देश अभी चुनाव हो जाते हैं तो कयास के मुताबिक एक बार फिर बीजेपी भारी पड़ती हुई दिख रही है। हालांकि बीजेपी को कुछ सीटों का नुकसान भी होता हुआ दिख रहा है। वहीं कांग्रेस 2014 के परिणाम को नहीं दोहराएगी। इस बार उसे कुछ सीटों पर जीत मिलने की संभावना नज़र आ रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस राजस्थान में खाता भी नहीं खोल पायी थी। बीजेपी ने सभी 25 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। हालांकि 2018 में हुए उपचुनाव के नतीजे बीजेपी के पक्ष में नहीं रहे। इसके बाद राज्य में हुए हालिया विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता परिवर्तन का सामना करना पड़ा। लेकिन आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा मज़बूत नज़र आ रही है।

Read More: राजस्थान में भाजपा ने 15 जिला अध्यक्ष बदले, मोहनलाल गुप्ता को जयपुर शहर की कमान

‘नेशनल अप्रूवल रेटिंग्स’ के अनुसार बीजेपी को मिल सकती है 18 प्लस सीटें

‘नेशनल अप्रूवल रेटिंग्स’ के अनुमान के मुताबिक, आज चुनाव होने की स्थिति में राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से बीजेपी के खाते में 18 से अधिक सीटें जा सकती हैं। वहीं, कांग्रेस को अधिकतम 7 सीटों पर जीत मिल सकती है। अगर वोट शेयर की बात करें तो इसमें भी बीजेपी आगे रहेगी। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को 49.4 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को राज्य में 44.0 प्रतिशत तक वो​ट मिल सकते हैं। वहीं अन्य को 6.7 फीसदी वोट मिलने का अनुमान जताया है। इसके अनुमान के अनुसार बीजेपी लोकसभा चुनाव में इस बार भी कांग्रेस पर हावी रहेगी। लेकिन कांग्रेस कुछ सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब रहेगी।