news of rajasthan
File-Image: भारतीय जनता पार्टी (BJP) राजस्थान.

प्रदेश में दिसम्बर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में इस बार भी सत्ता परिवर्तन का खेल जारी रहा और भाजपा को राज्य की सत्ता से बाहर होना पड़ा। विधानसभा चुनावों के बाद अब लोकसभा चुनाव होने हैं। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में कुछ बदलाव किए हैं। राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष मदनलाल सैनी ने अपने 41 संगठनात्मक जिलों में से 15 जिलों के जिला अध्यक्षों को एक साथ बदल दिया है। इसमें दो मौजूदा विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एक पूर्व विधायक को भी जिला अध्यक्ष बनाया गया है। जानकारी के मुताबिक, बदले गए जिला अध्यक्षों का हालिया विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन बेहतर नहीं रहा था, इस कारण पार्टी ने फिलहाल 15 जिलाध्यक्षों को बदला है। पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता को जयपुर शहर का जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

जयपुर देहात उत्तर के विधायक रामलाल व दक्षिण के रामानंद गुर्जर होंगे अध्यक्ष

भाजपा ने विधायक राम लाल शर्मा को जयपुर देहात उत्तर का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, जयपुर देहात दक्षिण की जिम्मेदारी रामानंद गुर्जर के हाथों में होगी। जानकारी के लिए बता दें, संगठन ने जयपुर जिले को पहली बार तीन हिस्सों में बांटा है। जयपुर देहात के अंतर्गत 12 विधानसभा सीटें आती हैं। जयपुर देहात उत्तर में आमेर, चौमू, कोटपूतली, विराटनगर, जमवारामगढ़, शाहपुरा को रखा गया है। वहीं फुलेरा, दूदू, बगरू, चाकसू, झोटवाड़ा और बस्सी विधानसभा को जयपुर देहात दक्षिण में शामिल किया गया है। हाल में मेयर चुनावों में हार के बाद जयपुर शहर अध्यक्ष संजय जैन को हटाकर पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता को यह जिम्मेदारी दी है। गुप्ता भाजपा व संघ दोनों में बराबर प्रभाव रखते हैं।

बदलाव में संगठन ने की जातिगत समीकरण साधने की कोशिश

भाजपा ने जिला अध्यक्षों के बदलाव में जातिगत समीकरण साधने की भी पूरी कोशिश की है। जयपुर शहर अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता का वैश्य समाज में खासा प्रभाव है और वे जयपुर शहर के पहले मेयर भी रह चुके हैं। भाजपा संगठन को गुप्ता की समाज में पकड़ का आगामी लोकसभा चुनाव में लाभ मिलेगा। बता दें, जयपुर शहर में ब्राह्मण व वैश्य दोनों ही समाज जातिगत रूप से बराबर प्रभाव रहते हैं। इसीलिए अब तक के अधिकांश मेयर वैश्य समाज से और सांसद ब्राह्मण समाज से रहे हैं। बीकानेर देहात का जिला अध्यक्ष बिहारी लाल विश्नोई और भरतपुर जिला अध्यक्ष जितेन्द्र फौजदार को बनाया गया है।

Read More: राज्य सरकारें 28 फरवरी के बाद कोई तबादले न करें: इलेक्शन कमिशन

राजस्थान भाजपा ने इनको सौंपी जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

जयपुर शहर जिला अध्यक्ष – मोहन लाल गुप्ता

जयपुर देहात जिला अध्यक्ष – विधायक रामलाल शर्मा

भरतपुर जिला अध्यक्ष – जितेन्द्र फौजदार

करौली जिला अध्यक्ष – हेमेन्द्र वशिष्ठ

दौसा जिला अध्यक्ष – घनश्याम बालाहेडी

उदयपुर शहर जिला अध्यक्ष – रविन्द्र श्रीमाली

उदयपुर देहात जिला अध्यक्ष – भंवर सिंह पंवार

राजसमंद जिला अध्यक्ष – विरेन्द्र पुरोहित

अजमेर शहर जिला अध्यक्ष – शिवशंकर हेडा

जोधपुर शहर जिला अध्यक्ष – जगतनारायण जोशी

जोधपुर देहात जिला अध्यक्ष – जगराम विश्नोई

बीकानेर देहात जिला अध्यक्ष – विधायक बिहारी लाल विश्नोई

झुंझुनूं जिला अध्यक्ष – पवन कुमार मावण्डिया

चूरू जिला अध्यक्ष – पंकज गुप्ता

सिरोही जिला अध्यक्ष – नारायण पुरोहित