जयपुर। प्रदेश की राजधानी जयपर के मालवीय नगर थाना श्रेत्र में गुरुवार को घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, अपहरण के मास्टर माइंड की मौसेरी बहन के कोई संतान नहीं है, इसलिए उसे बच्चा सौंपने के लिए उन्होंने अपहरण की साजिश रची। मुख्य आरोपी अपने दोस्तों को बच्चे की जरूरत के बारे में बताया और फिर उन्होंने झालाना कच्ची बस्ती से तीन साल की बच्ची को उठाया।

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी दीपेन्द्र सिंह उर्फ दीपू झालाना, गौरव उर्फ गोलू झालाना, पवन सिंह नीम का थाना सीकर और पुष्पेन्द्र सिंह पावटा हाल मूर्तिकला कॉलोनी बजाज नगर के रहने वाले थे। अपहरण की साजिश रचने वाला मास्टर माइंड पुष्पेन्द्र सिंह है।

बहन ने ससुराल मे फैलाई झूठी खबर
डीसीपी राहुल जैन ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी पुष्पेन्द्र ने बताया कि उसकी मौसेरी बहन के बच्चा नहीं था। बहन ने अपने ससुराल में खबर फैला दी कि उसके बच्चा हो गया है। आरोपी का बहनोई
फौज में है। बहनोई का ट्रांसफर पठानकोट हो गया। ऐसे में बहन को ससुराल बच्चे को लेकर जाना था।
मौसी ने पुष्पेन्द्र को कहा बेटी बिना बच्चे के ससुराल नहीं जाएगी। बच्चे का इंतजाम नहीं हुआ तो वह आत्महत्या कर लेगी। इसके बाद पुष्पेन्द्र ने इस घटना को अंजाम दिया।