जयपुर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित जैसलमेर जिले में पोकरण फायरिंग रेंज में मंगलवार रात सैन्य अभ्यास के दौरान हादसा हो गया। यहां 105 एमएम गन (तोप) से गोले दागते समय एक गोला फट गया। इस हादसे में BSF का एक जवान शहीद हो गया। वहीं 3 अन्य जवान घायल हो गए। घायल जवानों को जोधपुर रेफर किया गया है। शहीद हुआ जवान उत्तर प्रदेश के रहने वाला था।

बाहर निकलते ही फटा गोला
जानकारी के अनुसार हादसा सेना की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में कल शाम को हुआ। उस समय वहां बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की 1077 रेजिमेंट की टुकड़ी अभ्यास करने में व्यस्त थी। फायरिंग के इस अभ्यास में 5 जवान हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान 105 एमएम गन का बैरल अचानक फट गया। गन से गोला दागते ही यह दूर जाने की बजाय बाहर निकलते ही फट गया। इससे चार जवान घायल हो गए। बाद में उत्तर प्रदेश निवासी जवान सतीश ने दम तोड़ दिया। 3 अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। इनकी हालत खतरे से बाहर है।

आगरा के रहने वाले थे शहीद सतीश कुमार
वहीं अन्य 2 घायल जवानों आबिद अली और महेशचंद्र को प्राथमिक उपचार देने के बाद जोधपुर स्थित सेना के हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे में शहीद हुये जवान सतीश कुमार उत्तरप्रदेश के आगरा के रहने वाले थे। बीएसएफ के अधिकारियों ने जवान के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के पश्चात शहीद के शव का पोस्टमार्टम कराया जायेगा।

पहाड़ों और रेगिस्तानी इलाकों में होता है इस्तेमाल
आपको बता दें कि सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में इस फायरिंग रेंज में अभ्यायस भी लगातार चलते रहते हैं। अभ्यास के दौरान तमाम सावधानियां रखने के बावजूद कई बार हादसे हो चुके हैं। इनमें कई दफा जवान अपनी जान से हाथ धो बैठते हैं। इन गन को पहाड़ों और रेगिस्तानी इलाकों में समान रूप से उपयोग किया जा सकता है। वजन में हल्की होने के कारण इन्हें हेलिकॉप्टर से लिफ्ट कर किसी भी इलाके में आसानी से पहुंचाया जा सकता है।