news of rajasthan
I will play the responsibility of National Vice President, but will not leave Rajasthan: EX CM Raje.

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश में हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन के खेल में इस बार कांग्रेस को कामयाबी मिली और वह सरकार बनाने में सफल रही। राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के बाद वसुंधरा राजे को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की प्रबल संभावना थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें और भी बड़ा पद देते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया। बीजेपी इस बात को बखूबी जानती है कि वसुंधरा राजे जैसी दिग्गज नेता को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी देकर पार्टी को कैसे और अधिक मज़बूत बनाया जा सकता है। इनके सबके बीच राजे का दिल राजस्थान में ही बसता है, उन्होंने यह कई मर्तबा जाहिर कर दिया है। रविवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र झालरापाटन में राजे ने कहा कि मैं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभाऊंगी लेकिन राजस्थान से भी दूर नहीं रहूंगी।

news of rajasthan
Image: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे.

झालरापाटन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राजे ने की बैठक

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालरापाटन में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा कि “मैं पहले ही कह चुकी हूं कि मेरी डोली राजस्थान आई थी, अब अर्थी ही यहां से जाएगी। उनके इस बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि वे नई जिम्मेदारी को निभाते हुए पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मज़बूत करने के लिए कार्य करेंगी, लेकिन राजस्थान और प्रदेश की जनता हमेशा की तरह उनकी प्राथमिकता में रहेगा।” दरअसल, राजे को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनके राजस्थान से बाहर जाने की अटकलें लगाई जा रही थी, लेकिन इन अटकलों को पूर्व सीएम राजे ने रविवार को एक बयान देते हुए विराम दे दिया है। बता दें, पूर्व सीएम राजे इनदिनों चार दिवसीय झालावाड़ जिले के दौरे पर है।

Read More: लोकसभा चुनाव की तैयारियों में राजस्थान भाजपा की अहम बैठक आज

कांग्रेस ने जनता से झूठ बोलकर सत्ता हथियाई

झालरापाटन में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलकर सत्ता हथियाई है। उन्होंने किसानों की कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस पर मोर्चा खोला। राजे ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में दावा किया था कि अगर सत्ता में आए तो अगले 10 दिन में किसानों का पूरा कर्ज माफ करेंगे, लेकिन 40 दिन बीत जाने के बाद भी प्रदेश के एक किसान का कर्जा माफ नहीं किया गया है। प्रदेश के किसान खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। बीजेपी उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही झूठ बोलकर वोट बटोरती रही है।  इसका जवाब जनता आगामी लोकसभा चुनाव में जरूर देगी।