news of rajasthan
Rajasthan BJP meeting today for Lok Sabha election preparations.

पांच राज्यों में हालिया विधानसभा चुनाव के बाद अब देश में सीधे आम चुनाव होंगे। इन चुनावों के लिए राजनीतिक दल अपने स्तर पर रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं। लोकसभा चुनाव में जहां मोदी और भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं वहीं, भाजपा एक बार फिर से केन्द्रीय सत्ता में आने के लिए खास रणनीति बना रही है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का सामना कर चुकी भाजपा ने अब आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। इसके तहत आज सोमवार को पार्टी रणनीतिक बैठक और कार्यशाला का आयोजन कर रही है। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों समेत प्रदेशभर से भारतीय जनता पार्टी के बड़े पदाधिकारी शामिल होंगे।

news of rajasthan
Image: भाजपा मुख्यालय.

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा

आज सोमवार को भाजपा मुख्यालय में सुबह 11 बजे से पार्टी की अहम बैठक हो रही है। बैठक में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रणनीति पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। पार्टी की इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, लोकसभा संचालन समिति और जिलाध्यक्ष मौजूद हैं। इसमें लोकसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया जा रहा है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री एवं राजस्थान लोकसभा चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर, राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश, प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल सैनी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं लोकसभा चुनाव सह-प्रभारी सुधांशु त्रिवेदी और प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव में जीत के लिए मंत्र देंगे।

Read More: सॉफ्ट हिन्दूत्व की राह पर कांग्रेस, अब राष्ट्रवाद और गौ भक्ति एजेंडे में शामिल

भाजपा के ये पदाधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे

प्रदेश भाजपा की आज सोमवार को आयोजित इस बैठक में पार्टी की ओर से लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, लोकसभा सह-संयोजक, मीडिया प्रमुख, मीडिया सह-प्रमुख, सोशल मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया सह-प्रभारी, लीगल प्रभारी, लीगल सह-प्रभारी, लाभार्थी संयोजक, लाभार्थी सह-संयोजक और लोकसभा विस्तारकों को भी बुलाया गया है। पार्टी की इस बैठक को आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर रखते हुए काफी अहम माना जा रहा है। बैठक में मिले टिप्स को आगे ज़मीनी स्तर पर अमल में लाया जाएगा। जिससे लोकसभा चुनाव में भाजपा राजस्थान में अधिक से अधिक सीटें हासिल कर सके।