जयपुर। राजस्थान में बढ़ रहे अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश की राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने का मामला सामने आया है। बीते पति ने पत्नी के बॉयफ्रेंड की बीच सड़क चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद से आरोपी पति फरार है। पूरे दिनभर पुलिस ने संभावित जगहों पर छापामारी की लेकिन आरोपी का पता नहीं चला। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती
पुलिस के अनुसार, योगेश कुमार (22) दिल्ली में ज्योति नगर ईस्ट गोकुलपुरा का रहने वाला था। करीब पांच साल पहले उसकी जयपुर में रहने वाली वर्षा से सोशल मीडिया के जरिए जान पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगी। योगेश ने दिल्ली से जयपुर आकर वर्षा से चोरी-छिपे मिलना शुरू कर दिया।

मिलने के लिए दिल्ली से जयपुर आया बॉयफ्रेंड
बताया जा रहा है कि सोमवार को वर्षा की 3 साल की बेटी का जन्मदिन था। इस मौके पर योगेश अपनी प्रेमिका की बेटी के जन्मदिन पर दिल्ली से जयपुर आ गया। मंगलवार सुबह 4 बजे योगेश ने वर्षा से फोन पर बातचीत की। तब वर्षा उससे मिलने के लिए रोड नंबर 17 जाने के लिए घर से रवाना हो गई। उसे लगा था कि पति करण सिंह (30) सो रहा है। लेकिन करण सिंह को भनक लग चुकी थी।

पत्नी और बॉयफ्रेंड को साथ आया गुस्सा
करण सिंह अपनी पत्नी का पीछा करते हुए रोड नंबर 17 पर स्थित उद्योग विहार कॉलोनी, वार्ड संख्या 5 में पहुंच गया। वहां करण सिंह अपनी पत्नी व उसके बॉयफ्रेंड योगेश को साथ देखकर गुस्सा हो गया। उसने वर्षा से मारपीट की। जब योगेश बीच बचाव में आया तो जेब रखा चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। उसका गला काट दिया। योगेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद करण सिंह वहां से भाग गया।