जयपुर। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया इन दिनों सुर्खियों में छाए हुए है। महेंद्रजीत सिंह के बेटे चंद्रवीर सिंह की शादी के बाद आयोजित हुये रिसेप्शन में जमकर हर्ष फायरिंग की गई। समारोह में कई लोग हथियार लिये हुये नजर आये। बांसवाड़ा में सोमवार को शादी का रिसेप्शन था, बड़ी संख्या में मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। समारोह में जमकर फायर किए गए और उस समय मंत्री मालवीय भी मौजूद थे।

कई नेता और पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारी थे मौजूद
समारोह के लिये लगाये गये विशाल पंडाल और स्टेज से ये हर्ष फायरिंग की गई। इस दौरान मंत्री मालवीया सहित कांग्रेस और बीजेपी कई नेता, कार्यकर्ता और पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे। रिसेप्शन के दौरान करीब 40 लोगों के पास हथियार बताये जा रहे हैं।

जश्न में गोलियां दागने का वीडियो वायरल
इस शादी समारोह के जश्न में बंदूक से गोलियां दागने के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें दिखाई दे रहा है कि मेहमानों के साथ घर वाले भी गेर नृत्य कर रहे हैं। इस नृत्य के दौरान कुछ लोगों के हाथ में बंदूकें हैं। इस बीच रुक कर दो लोगों ने तीन बंदूकों से एक साथ फायर किया। लोगों ने तालियां बजाकर जश्न मनाया।

फायरिंग पर क्या है कानून
आर्म्स एक्ट में संशोधन के बाद केंद्र सरकार ने शादी या अन्य समारोह में किसी भी प्रकार के हथियारों से फायरिंग को बैन कर दिया था। बहुत से लाइसेंसधारी शादियों में जश्न के लिए हवा में फायर करते हैं। कुछ सालों में ऐसे करने से कई लोगों की अनायास ही मौत हो चुकी है। इसके बाद यह संशोधन किया गया था।