नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है। कोरोना से राजस्थान के एक और विधायक का निधन हो गया। पूर्व मंत्री एवं बीजेपी की वरिष्ठ विधायक किरण माहेश्वरी (Kiran Maheshwari) का निधन हो गया। माहेश्वरी ने सोमवार तड़के हरियाणा के गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। माहेश्वरी प्रदेश की दूसरी विधायक हैं जिनका निधन कोरोना के कारण हुआ है।

पहले विधायक कैलाश त्रिवेदी का हुआ था निधन
हाल में ही वह कोरोना पॉजिटिव हुई थी। इसके बाद उनका इलाज हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित मेदांता हॉस्पिटल में चल रहा था। किरण माहेश्वरी, राजस्थान की दूसरी विधायक हैं, जिनकी मौत कोरोना की वजह से हुई। इससे पहले भीलवाड़ा के सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक कैलाश त्रिवेदी (Kailash Trivedi) का कोरोना के कारण निधन हो गया था।

उन्होंने सदैव भाजपा को मजबूती प्रदान की : वसुंधरा राजे
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ट्वीट कर कहा कि राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी के असामयिक निधन का समाचार सुन स्तब्ध हूं। किरण का यूं अलविदा कह देना भाजपा परिवार के लिए ही नहीं, मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शान्ति व परिजनों को संंबल प्रदान करे। किरण से मेरा गहरा लगाव था। उन्होंने सदैव भाजपा को मजबूती प्रदान की और आजीवन भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में भूमिका निभाई। उनके निधन से संगठन में हुए खालीपन को भरना आसान नहीं होगा। आज वो हमारे बीच नहीं है लेकिन हमारी स्मृतियों में वे सदैव जिंदा रहेंगी।

पीएम मोदी और ओम बिरला ने जताया दुख
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विधायक किरण माहेश्वरी के निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, किरण माहेश्वरी जी के असामयिक निधन से आहत हूं। उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए काम करने और गरीबों के साथ-साथ हाशिए पर रहने वाले लोगों को सशक्त बनाने के लिए कई प्रयास किए। बिरला ने अपने ट्वीट में कहा कि बहन किरण जी का निधन बेहद दुखद है। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की सेवा और हितों को संरक्षित करने के लिए समर्पित किया। मेरे लिए उनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

नगर निगम चुनाव में कोरोना से संक्रमित हुई थी
विधायक माहेश्वरी नगर निगम चुनाव के दौरान अक्टूबर माह में कोटा में कोरोना से संक्रमित हुई थीं। वे बीजेपी की कोटा उत्तर नगर निगम की चुनाव प्रभारी थी। माहेश्वरी के निधन के बाद अब प्रदेश में विधायकों के तीन पद रिक्त हो गये हैं। इससे पहले सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का कोरोना के कारण निधन हो गया था। वहीं उसके बाद हाल में गहलोत कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री भंवरलाल मेघवाल का लंबी बीमारी के बाद मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। मेघवाल चूरू जिले की सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे।