जयपुर। राजस्थान के करौली शहर में शनिवार को हिंदूवादी संगठनों की बाइक रैली पर पथराव के बाद बवाल हो गया था। यहां उपद्रव में हिंसा भड़क गई। इस दौरान 35 से ज्यादा दुकानें जला दी गईं। वहीं आधा दर्जन से ज्यादा बाइक में तोड़फोड़ की गई। दो मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा की स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और कर्फ्यू लगा दिया गया। अब यह कर्फ्यू 4 अप्रैल तक लागू रहेगा। शहर भर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

शहर में 600 जवान तैनात
रैली पर पथराव के बाद उपजे तनाव को लेकर पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। शहर के 15 से ज्यादा जगहों पर पुलिस के जत्थे तैनात किए गए हैं। शनिवार को भड़की इस हिंसा के बाद रात तक पुलिस ने स्थिति अपने कंट्रोल में ले ली। अब शहर में 50 पुलिस अधिकारियों समेत 600 जवान तैनात हैं।

अब तक 30 से ज्यादा लोग हिरासत में
पुलिस ने हालात काबू में आने के बाद उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दिया है। कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस एक्शन मोड में है। अब तक 30 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। रात करीब एक बजे तक चली बैठक में सहमति बनी की दोनों समुदाय के लोग घरों में रहेंगे और आसपास के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करेंगे। कलेक्टर ने बताया कि रात में साढ़े 10 बजे के बाद हालात काबू में आने लगे थे। लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की जा रही है।

शहर में कर्फ्यू और इंटरनेट बंद
शहर में उपद्रव के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह कर्फ्यू 4 अप्रैल तक लागू रहेगा। इस दौरान किसी को भी घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। जिले में इंटरनेट की सेवाएं बंद कर दी गई हैं। मेडिकल स्टोर्स को खोलने की अनुमति दी गई है। वहीं दोपहर 3 से 5 तक दूध और सब्जी की सप्लाई करने की छूट रहेगी। वहीं इंरजेंसी में शहर के बाहर जाने वाले लोगों को कोतवाली से अनुमति लेनी होगी। वहीं कैलादेवी आने वाले श्रद्धालुओं पर कर्फ्यू का कोई असर नहीं पड़ेगा।

कर्फ्यू के बीच बोर्ड की परीक्षा दे रहें स्टूडेंट्स
बिगड़े हालात के चलते आज रात 12 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया था। हालंकि शाम 4 बजे शांति समिति की बैठक के बाद हालातों को देखते हुए कर्फ्यू को लेकर फैसला होगा। इस बीच आज बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए छात्रों को कर्फ्यू में ठील दी गयी है। छात्र-छात्राएं अपना एडमिड कार्ड दिखाकर परीक्षा केंद्र तक जा सकते हैं।

अब ब्यावर में दो गुटों में तनाव, एक की मौत
करौली में बीते रोज हिंसा भड़कने के बाद ब्यावर में भी तनाव बढ़ गया। यहां रविवार को दो गुटों के बीच मामूली विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और हिंसा भड़क गईं यहां दर्जनभर से ज्यादा लोग लाठी डंडे लेकर सड़क पर उतर आए। यहां खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए तीन थानों की पुलिस लगा दी गई है।