जयपुर। राजस्थान सरकार का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा फेल होता हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश में जब से अशोक गहलोत की सरकार बनी है, तब से महिलाओं और बेटियों के खिलाफ लगातार अपराध बढ़ता ही जा रहा है। सरकार और प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद अपराधी बेखौफ अपने काम को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश के धौलपुर जिले में नाबालिग ने अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नाबालिग के अनुसार उनके पिता ने 8 लाख रुपए में उनका सौदा कर दिया है। 15 वर्षीय लड़की ने महिला एवं बाल विकास मंत्री को पत्र लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने आत्महत्या करने की धमकी भी दी है। लड़की का कहना है कि पुलिसवालों की मिलीभगत के साथ इस काम को अंजाम दिया जा रहा है।

शराबी पिता ने 8 लाख में किया सौदा
पत्र में लिखा है- उसके शराबी पिता ने 8 लाख रुपए में उसका सौदा किया है। 14 नवंबर को जबरन उसकी शादी करवा रहा है। मामला सामने आते ही महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक भूपेश गर्ग ने कलेक्टर राकेश जायसवाल को जानकारी दी। सैपऊ सीडीपीओ को शादी रुकवाने के निर्देश दिए गए हैं।

आत्महत्या कर लूंगी, शादी नहीं करूंगी
नाबालिग लड़की ने 9 नवंबर को महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री ममता भूपेश को पत्र भेजा है। उसने हाथ जोड़कर शादी रुकवाने की गुहार लगाई है। उसने कहा कि आप मेरी माता जी की तरह हैं। इस विपत्ति से मुझे बचा लीजिए, यदि आपने ऐसा नहीं किया तो एक बेटी की हत्या का पाप आपको लेना पड़ेगा, क्योंकि मैं उससे शादी नहीं करूंगी और आत्महत्या कर लूंगी। पत्र के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारी कार्रवाई में जुट गए हैं।

पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
लड़की ने पत्र में लिखा है- मंत्री जी मैं 15 साल की नाबालिग बेटी हूं, मेरे पिता एक ऐसे लड़के से शादी करवा रहे हैं, जो शराब पीता है और जुआ खेलता है। पिता ने लड़के वालों से 8 लाख रुपए लिए हैं। 14 नवंबर को किसी दूसरे स्थान पर ले जाकर चोरी-छिपे शादी करवाना तय किया है। स्थानीय पुलिस चौकी पर जाकर शिकायत की और मदद मांगी, मगर पुलिस चौकी वाले पिता से ही मिले हुए हैं।