जयपुर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री राजस्थान में हो गई है और पहले दिन का झालरापाटन के काली तलाई से सफर शुरू हुआ है। यात्रा के पहले दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट रमेश मीणा, प्रताप सिंह खाचरियावास, नीरज डांगी, प्रताप सिंह सहित कई अन्य नेताओं से सियासी चर्चा की। इसी दौरान पहले दिन चलते हुए यात्रा में एक अजीब वाकया देखने को मिला जिसकी सियासी गलियारों में हर तरफ चर्चा है। दरअसल भारत जोड़ो यात्रा में सुबह के सेशन में जयपुर के आदर्श नगर से कांग्रेस विधायक रफीक खान को राहुल गांधी की फटकार का सामना करना पड़ा।

बार-बार राहुल को टोक रहे थे रफीक खान
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस विधायक रफीक खान पहले राहुल गांधी के पीछे वाली लाइन में चल रहे थे लेकिन किसी तरीके से वो राहुल गांधी और सचिन पायलट के करीब आ गए। इस दौरान राहुल गांधी किसी अन्य भारत यात्री से चर्चा कर रहे थे तो वहीं विधायक रफीक खान बार-बार राहुल गांधी को टोका टोकी कर रहे थे।

नाराजगी देखकर रफीक ने पीछे खीचें अपने पैर
दो बार टोकने पर राहुल गांधी ने कुछ नहीं कहा लेकिन जैसे ही तीसरी बार रफीक खान ने राहुल गांधी से बात करने की कोशिश की तो राहुल गांधी ने रफीक खान को झिड़क दिया। राहुल गांधी की नाराजगी देखकर रफीक खान ने भी अपने पैर पीछे खींच लिए थे।

सिक्योरिटी ऑफिसर ने किया किनारे
राहुल गांधी की नाराजगी और गुस्सा देखकर साथ चल रहे अन्य नेता भी सकते में आ गए, जिसके बाद राहुल गांधी गांधी के सिक्योरिटी ऑफिसर ने आगे आकर रफीक खान को लाइन से किनारे कर दिया। यात्रा में चल रहे जिन भी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस नजारे को देखा वो सभी हतप्रभ रह गए।

यात्रा में गिरे रघुवीर मीणा, हाथ में फ्रैक्चर
भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश पहुंचने के पहले दिन ही एक कांग्रेस नेता के साथ हादसा हो गया। सोमवार को यात्रा में शामिल हुए कांग्रेस स्टेयरिंग कमेटी के सदस्य एवं उदयपुर के पूर्व सांसद रघुवीर मीणा को राहुल गांधी के साथ चलते हुए अचानक धक्का लगने से वे सड़क पर गिर पड़े। सड़क पर गिरने से रघुवीर मीणा हाथ में फ्रैक्चर हो गया बताया जा रहा है। बाद में आनन-फानन में मीणा को झालावाड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उनका सर्जिकल आईसीयू में उपचार जारी है।

मध्य प्रदेश में गिरे थे दिग्विजय सिंह 
भारत जोड़ो यात्रा जब मध्य प्रदेश में थी उस समय वहां पर पूर्व सीएम एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह से गिर पड़े थे। सिंह के गिरने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया था। बाद में इसको लेकर कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की सड़कों को दोषी ठहराते हुए बीजेपी पर हमला किया था।